Durg Crime News: दुर्ग में धार्मिक यात्रा के दौरान नाबालिग की चाकू मारकर हत्या, 24 घंटे में तीसरी वारदात से दहशत

Durg Crime News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शांति नगर इलाके में सोमवार रात करीब 8:30 बजे धार्मिक यात्रा के दौरान आपसी विवाद में एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शक्ति नगर में भोले बाबा की बारात निकाली जा रही थी। इस धार्मिक कार्यक्रम को देखने क्षय कुमार उर्फ नानू नामक नाबालिग पहुंचा था। इसी दौरान शक्ति नगर के कुछ युवकों से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले आरोपियों ने नाबालिग के साथ मारपीट की और बाद में चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

24 घंटे में तीसरी चाकूबाजी

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे। स्थानीय लोगों की निशानदेही पर पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शांति नगर और शक्ति नगर एक-दूसरे से सटे हुए क्षेत्र हैं।

गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों के भीतर यह चाकूबाजी की तीसरी घटना है। इससे पहले दो अन्य घटनाओं में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं, जबकि इस ताजा मामले में एक नाबालिग की जान चली गई। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

Youthwings