CBSE Board Exams 2026 : आज से 10वीं-12वीं की परीक्षाएं शुरू, 46 लाख से अधिक छात्र शामिल
रायपुर । केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं। देशभर में 8000 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर 46 लाख से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं। परीक्षा भारत के साथ-साथ 26 विदेशी देशों में भी आयोजित की जा रही है।
परीक्षा का समय और महत्वपूर्ण नियम
सभी विषयों की परीक्षा एक ही शिफ्ट में होगी।
परीक्षा का समय: सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक।
छात्रों को सुबह 10:00 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर लेना अनिवार्य है। 10:00 बजे के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रश्नपत्र सुबह 10:15 बजे बांटे जाएंगे, जबकि 10:30 बजे से उत्तर लिखना शुरू होगा।
छात्रों को कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक जाम या अन्य कारणों से देरी से बचने के लिए घर से कम से कम एक घंटा पहले निकलने की अपील की गई है।
जरूरी दस्तावेज और ड्रेस कोड
छात्रों को एडमिट कार्ड और स्कूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। बिना एडमिट कार्ड के परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी।
नियमित छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म में ही उपस्थित होना होगा।
निजी अभ्यर्थियों को साधारण और शालीन वस्त्र पहनने के निर्देश दिए गए हैं।
इलेक्ट्रॉनिक सामान पर पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर (जब तक विशेष अनुमति न हो) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि किसी छात्र के पास प्रतिबंधित वस्तु पाई जाती है, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। परीक्षा को कदाचार मुक्त और निष्पक्ष बनाने के लिए सख्त निगरानी की व्यवस्था की गई है।
दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष सुविधा
दिव्यांग (PwD) छात्रों को अतिरिक्त समय की सुविधा दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर स्क्राइब (लेखक) की व्यवस्था भी की जाएगी। परीक्षा केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं कि दिव्यांग छात्रों को भूतल पर कक्ष और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
प्रश्नपत्र पैटर्न में बदलाव
इस वर्ष प्रश्नपत्र के पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। लगभग 50 प्रतिशत प्रश्न competency-based (योग्यता आधारित) होंगे। इनमें केस स्टडी और एप्लीकेशन आधारित प्रश्न शामिल होंगे। बोर्ड का उद्देश्य रटने की प्रवृत्ति को कम कर छात्रों की अवधारणात्मक समझ और विश्लेषण क्षमता का मूल्यांकन करना है।
पहले दिन के विषय
10वीं: गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक)
12वीं: बायोटेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप सहित अन्य विषय
परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए देशभर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कई शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और उड़नदस्ता टीमों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार की संभावना न रहे।
छात्रों से अपील की गई है कि वे समय से पहले पहुंचें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और परीक्षा के नियमों का पालन करें। शुभकामनाएं!
