दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 36 IAS समेत 72 सीनियर अधिकारियों के तबादले

दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने 36 आईएएस सहित कुल 72 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं। इस व्यापक बदलाव में कई अधिकारियों को नए पदों पर नियुक्त किया गया है, जबकि कुछ को अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।

सरकार की ओर से यह आदेश शनिवार को जारी किया गया। प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत एजीएमयूटी कैडर के 36 आईएएस अधिकारियों की पदस्थापना में अहम बदलाव किए गए हैं। कुछ अधिकारियों को वर्तमान पद के साथ अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, वहीं कई अधिकारियों को अलग-अलग विभागों में स्थानांतरित किया गया है। सरकार का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाना और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

इसके साथ ही 36 दानिक्स अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं या उनका ट्रांसफर किया गया है। माना जा रहा है कि इस कदम से केंद्र शासित प्रदेशों और संबंधित राज्यों में प्रशासनिक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। अधिकारियों का यह बड़ा तबादला आदेश नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है।

शिक्षा विभाग को मिला नया सचिव

दिल्ली सरकार में हाल ही में शामिल हुए 2011 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव आहूजा को सचिव (शिक्षा) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सरकार के इस फैसले को शिक्षा व्यवस्था में समन्वय बढ़ाने और नीतिगत निर्णयों को तेजी से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक अनुभव के चलते उनसे स्कूल, कॉलेज और तकनीकी संस्थानों से जुड़े सुधारों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Youthwings