50 किग्रा गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, पुलिस तलाश रही बैकवर्ड-फारवर्ड लिंकेजेस

धमतरी। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाईन पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कार से गांजा की तस्करी करते दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 50.94 किलोग्राम गांजा, 2 लाख रुपए नगद, कार और मोबाइल सहित कुल 32,67,000 रुपए का माल जब्त किया गया है।

कैसे मिली सूचना?

पुलिस को 14 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक चारपहिया वाहन में सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

मौके पर दबिश, गांजा बरामद

एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन में सवार दो लोगों से पूछताछ की। आरोपियों ने अपना नाम हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज एवं हिमांशु दामले बताया।

वाहन की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में रखा 50 किलो 94 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही 2 लाख रुपए नकद, 2 मोबाइल फोन और एक टोयोटा कार जब्त की गई।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/26 के तहत धारा 20(सी), 29 नारकोटिक एक्ट (NDPS Act) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Youthwings