Raipur में GATE परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल कराने की साजिश का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ DD Nagar Police Station में अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि GATE परीक्षा के दौरान कुछ लोग हाईटेक उपकरणों के माध्यम से परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ दिलाने की तैयारी में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

थाना डीडी नगर और एसीसीयू रायपुर की संयुक्त टीम ने परीक्षा केंद्र Ion Digital Zone, सरोना के आसपास निगरानी शुरू की।

ब्लूटूथ डिवाइस से भेजे जा रहे थे जवाब

जांच के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य गैजेट्स बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि परीक्षा केंद्र के अंदर बैठे अभ्यर्थियों को विशेष ब्लूटूथ डिवाइस दिए गए थे।

परीक्षार्थी प्रश्न पढ़कर बाहर बैठे सहयोगियों तक पहुंचाते थे। बाहर मौजूद आरोपी गूगल सर्च के जरिए उत्तर निकालकर ब्लूटूथ के माध्यम से अंदर भेजते थे। इस पूरे नेटवर्क के बदले परीक्षार्थियों से मोटी रकम वसूली जाती थी।

परीक्षा केंद्र में भी मिली डिवाइस

पुलिस ने परीक्षा केंद्र प्रबंधन से संपर्क कर संदिग्ध परीक्षार्थियों की तलाशी ली, जहां से ब्लूटूथ डिवाइस बरामद की गई।

इस मामले में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत धारा 318(2), 61(2) BNS, 66 आईटी एक्ट और लोक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

Youthwings