Bangladesh Violence Against Hindu: बांग्लादेश में वोटिंग से पहले मिली एक और हिंदू युवक की लाश, हाथ-पैर बंधे, शरीर पर चोट के निशान
Bangladesh Violence Against Hindu: बांग्लादेश में आम चुनाव से एक दिन पहले यानी 11 फरवरी को एक और हिंदू युवक की हत्या का मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस ने मौलवीबाजार के कमालगंज उपजिला के एक चाय बागान से 28 वर्षीय हिंदू युवक रतन साहूकार का शव बरामद किया। मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर चोट के निशान भी मिले।
कमालगंज पुलिस थाना के प्रभारी अब्दुल अवल ने बताया कि रतन साहूकार चम्पारा चाय बागान में काम करता था और वह इस्लामपुर यूनियन का निवासी था।
मृतक की लाश सुबह 10 बजे मिली
स्थानीय लोगों ने 11 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे बागान में रतन की लाश देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों के अनुसार शव खून से लथपथ हालत में मिला और शरीर पर चोट के निशान भी थे।
एक चाय बागान कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्थानीय लोगों को संदेह है कि रतन की हत्या कहीं और हुई होगी और बाद में शव को घटनास्थल पर फेंका गया। कुछ लोगों ने इसे चुनाव से जोड़कर देखा, लेकिन अभी तक इस बात के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं।
रतन के बड़े भाई लक्ष्मण कर ने बताया कि परिवार कल रात से ही उसकी तलाश कर रहा था। उन्होंने कहा, “आज सुबह हमें सूचना मिली कि उसका शव बागान में पड़ा है। हम वहां गए और पहचान की। हमें नहीं पता कि उसकी हत्या क्यों की गई।”
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मौलवीबाजार सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।
पिछले सप्ताह हुई एक और हत्या
बांग्लादेश के मैमनसिंह जिले के त्रिशाल में 9 फरवरी की रात 62 वर्षीय हिंदू चावल व्यापारी सुशेन चंद्र सरकार की हत्या कर दी गई थी। इस दौरान बदमाशों ने लाखों रुपये भी लूटे थे।
बीडीन्यूज के अनुसार, सुशेन चंद्र सरकार को मरणासन्न स्थिति में दुकान के अंदर छोड़कर शटर बंद कर भाग गए थे। पुलिस ने बताया कि हत्या बोगर बाजार चौराहे पर रात करीब 11 बजे हुई थी। मृतक “भाई भाई एंटरप्राइज” नामक दुकान के मालिक थे।
