7 फरवरी को नहीं बंटा राशन, अब 20 फरवरी को दो माह का चावल एक साथ मिलेगा
‘चावल उत्सव’
रायपुर: छत्तीसगढ़ में हर महीने की 7 तारीख को आयोजित होने वाला ‘चावल उत्सव’ इस बार निर्धारित तिथि पर नहीं हो सका। 7 फरवरी को राशन दुकानों से चावल वितरण नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अब खाद्य विभाग ने 20 फरवरी को चावल उत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया है।
फरवरी और मार्च का चावल साथ मिलेगा
मिली जानकारी के अनुसार 20 फरवरी से राज्य की करीब 14 हजार सरकारी राशन दुकानों में चावल वितरण शुरू होगा। इस दौरान फरवरी और मार्च—दोनों महीनों का चावल एक साथ दिए जाने की तैयारी है, ताकि हितग्राहियों को बार-बार राशन दुकान न आना पड़े।
एफआरके आपूर्ति में देरी बनी कारण
सूत्रों के मुताबिक सामान्य चावल में 1 प्रतिशत फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (FRK) मिलाया जाता है, जिससे पोषण स्तर बढ़ाया जाता है। इस बार एफआरके की निविदा प्रक्रिया में देरी के कारण समय पर चावल उपलब्ध नहीं हो पाया, जिससे वितरण प्रभावित हुआ।
read more : SECL खदान से रोज 100 टन कोयला चोरी? वायरल वीडियो से खुली पोल
सर्वर की तकनीकी दिक्कत भी जिम्मेदार
खाद्य विभाग के सर्वर में आई तकनीकी समस्या को भी वितरण बाधित होने का कारण बताया जा रहा है। कई स्थानों पर नेटवर्क और सर्वर संबंधी दिक्कतों के चलते हितग्राहियों को राशन नहीं मिल सका।
आंशिक रूप से शुरू हुआ वितरण
बताया जा रहा है कि राज्य की लगभग आधी राशन दुकानों में सीमित स्तर पर चावल वितरण शुरू हो चुका है। हालांकि, 20 फरवरी से पूरे प्रदेश में एक साथ नियमित वितरण की योजना है।
