India vs Pakistan Match Controversy: ICC ने पाकिस्तान और बांग्लादेश की शर्तें ठुकराईं, दिया फाइनल अल्टीमेटम
India vs Pakistan Match Controversy: आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर चल रहे विवाद पर अपना रुख साफ कर दिया है। ICC ने स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश को किसी भी तरह से दंडित नहीं किया जाएगा और उसे तय रेवेन्यू हिस्सा मिलेगा। वहीं, पाकिस्तान और बांग्लादेश की अन्य सभी मांगों को मानने से ICC ने इनकार कर दिया।
बांग्लादेश को आर्थिक नुकसान से राहत
सूत्रों के अनुसार, ICC का यह निर्णय पूरी तरह स्वायत्त था और इसमें किसी अन्य बोर्ड का दबाव नहीं था। भले ही बांग्लादेश मौजूदा वर्ल्ड कप से बाहर हो चुका हो, लेकिन उसे किसी भी तरह का आर्थिक नुकसान नहीं होगा।
ICC ने यह भी माना कि बांग्लादेश पिछले साल महिला टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी से वंचित रहा था। देश में हुए दंगों के चलते टूर्नामेंट बांग्लादेश से हटाकर दुबई शिफ्ट किया गया था। इस नुकसान की आंशिक भरपाई के लिए ICC अगले चक्र में बांग्लादेश को किसी बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी देने पर विचार कर सकता है। उदाहरण के तौर पर, अंडर-19 वर्ल्ड कप जैसी आईसीसी इवेंट की मेजबानी सौंपी जा सकती है।
पाकिस्तान की मांगों को ICC ने ठुकराया
बैठक में पाकिस्तान और बांग्लादेश ने यह भी मांग की कि ICC भारत से पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट खेलने को कहे। ICC ने इस मांग को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया। ICC का कहना है कि द्विपक्षीय सीरीज उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आती। इसी आधार पर भारत-पाक-बांग्लादेश त्रिकोणीय सीरीज का प्रस्ताव भी खारिज कर दिया गया।
बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि भारत इस साल बांग्लादेश का दौरा करे। ICC ने इसे भी नामंजूर कर दिया और कहा कि किसी देश को किसी अन्य देश के दौरे के लिए बाध्य करना बोर्ड या ICC के अधिकार में नहीं है। यह पूरी तरह संबंधित क्रिकेट बोर्ड और सरकारों पर निर्भर करता है।
भारत-पाकिस्तान मैच पर पाकिस्तान को अल्टीमेटम
लाहौर में हुई बैठक के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच पर तत्काल फैसला नहीं लिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड प्रमुख मोहसिन नक़वी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से सलाह करेंगे।
इसके बाद ICC ने पाकिस्तान को केवल एक दिन का समय दिया है। सूत्रों के अनुसार, भारत-पाक मैच को लेकर अंतिम निर्णय किसी भी वक्त लिया जा सकता है। ICC की ओर से आधिकारिक घोषणा आज शाम या बुधवार सुबह तक होने की संभावना है।
ICC की सबसे बड़ी चिंता: रेवेन्यू
ICC के लिए सबसे बड़ी चिंता भारत-पाकिस्तान मैच से जुड़ा रेवेन्यू है। यह मुकाबला विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा कमाई वाला मैच माना जाता है। अगर यह मैच नहीं होता है, तो इसका असर ICC पर ही नहीं, बल्कि सभी सदस्य बोर्डों की सालाना आय पर भी पड़ेगा। यही कारण है कि ICC हर हाल में टूर्नामेंट की स्थिरता और वित्तीय संतुलन बनाए रखना चाहता है।
