छत्तीसगढ़ माशिमं ने बढ़ाया 10वी और 12वी की परीक्षा शुल्क, 5 साल बाद फीस 460 से बढ़ाकर 800 हुआ..
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने करीब पांच साल बाद 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के शुल्क में उल्लेखनीय वृद्धि कर दी है। नए संशोधित शुल्क वर्ष 2026-27 सत्र से लागू होंगे। इस फैसले से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ना तय माना जा रहा है।
नियमित परीक्षार्थियों को अब देने होंगे 800 रुपये
नए शुल्क ढांचे के अनुसार अब नियमित परीक्षार्थियों को बोर्ड परीक्षा, अंकसूची और प्रति विषय प्रैक्टिकल शुल्क मिलाकर 800 रुपये चुकाने होंगे। इससे पहले यही शुल्क 460 रुपये था। यानी एक ही झटके में करीब दोगुनी वृद्धि कर दी गई है।
आवेदन शुल्क में भी बढ़ोतरी
बोर्ड परीक्षा के आवेदन फार्म का शुल्क भी बढ़ा दिया गया है। पहले जहां छात्रों को 80 रुपये देने पड़ते थे, अब इसके लिए 150 रुपये चुकाने होंगे। हालांकि प्रवेश पत्र की द्वितीय प्रति का शुल्क पहले की तरह 80 रुपये ही रखा गया है।
कार्यपालिका समिति ने दी मंजूरी
10वीं और 12वीं परीक्षा शुल्क बढ़ाने का निर्णय माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया। समिति ने कुल 22 अलग-अलग मदों के शुल्क में वृद्धि को मंजूरी दी है। इनमें नामांकन शुल्क, अतिरिक्त विषय, द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा, स्वाध्यायी छात्रों के पंजीयन एवं अनुमति शुल्क जैसी कई श्रेणियां शामिल हैं।
स्वाध्यायी छात्रों पर भी पड़ेगा असर
शुल्क वृद्धि का असर स्वाध्यायी छात्रों पर भी साफ नजर आ रहा है। प्रदेश के स्वाध्यायी एससी/एसटी छात्रों के पंजीयन एवं अनुमति शुल्क में लगभग डेढ़ गुना वृद्धि की गई है। पहले यह शुल्क 560 रुपये था, जो अब 800 रुपये हो गया है। वहीं राज्य के नए छात्रों और राज्य से बाहर के छात्रों के लिए यह शुल्क 1,540 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया गया है।
विषयवार परीक्षा शुल्क भी बढ़े
अब एक विषय की परीक्षा के लिए छात्रों को 400 रुपये देने होंगे, जो पहले 280 रुपये थे। दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा) का शुल्क 340 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है।
10वीं और 12वीं के लिए संशोधित शुल्क इस प्रकार
नियमित परीक्षा, अंकपत्र, प्रैक्टिकल/विषय: 460 से 800 रुपये
नामांकन शुल्क: 80 से 200 रुपये
अतिरिक्त विषय: 110 से 250 रुपये
स्वाध्यायी संपूर्ण विषय (10वीं/12वीं): 1,230 से 1,600 रुपये
स्वाध्यायी एक विषय: 280 से 500 रुपये
स्वाध्यायी दो विषय: 340 से 600 रुपये
परीक्षा केंद्र परिवर्तन: 240 से 400 रुपये
विलंब शुल्क (स्वाध्यायी): 770 से 1,000 रुपये
विशेष विलंब शुल्क: 1,540 से 2,000 रुपये
पांच साल बाद बढ़े शुल्क, छात्रों में नाराजगी
गौरतलब है कि माशिमं ने इससे पहले वर्ष 2021 में बोर्ड परीक्षा और संबंधित शुल्कों में संशोधन किया था। अब पांच साल बाद दोबारा शुल्क बढ़ाए जाने से छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। माना जा रहा है कि यह निर्णय आगामी बोर्ड परीक्षाओं में नामांकन पर सीधा असर डाल सकता है।

