दो आदिवासी युवतियां लापता, कार्रवाई न होने से भड़का समाज, धमतरी में चक्काजाम

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आदिवासी समाज के लोगों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया है। आदिवासी समाज ने नगरी थाना प्रभारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, आदिवासी समाज की दो युवतियां लापता हैं। परिजनों का आरोप है कि उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी बात से नाराज़ होकर समाज के लोग थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

चक्काजाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए हैं। फिलहाल थाना परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

आदिवासी समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी

इस मामले को लेकर आदिवासी समाज के लोगों ने कहा कि दो युवतियों के लापता होने के बाद भी पुलिस गंभीरता नहीं दिखा रही है। आरोप है कि थाना प्रभारी द्वारा समाज के लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। समाज ने मांग की है कि जल्द से जल्द दोनों युवतियों को खोजकर उनके परिजनों को सौंपा जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आदिवासी समाज उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।

Youthwings