Amit Shah Meeting on Naxalism: नक्सलवाद पर अमित शाह की हाईलेवल बैठक, CM समेत कई राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद; 2026 की डेडलाइन नजदीक

Amit Shah Meeting on Naxalism: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए रायपुर में एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने की तय समयसीमा नजदीक होने के कारण इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।

यह बैठक नवा रायपुर अटल नगर स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय गृह सचिव, खुफिया ब्यूरो (IB) के निदेशक और गृह मंत्रालय में विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) मौजूद रहे।

इसके अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), सीमा सुरक्षा बल (BSF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशकों के साथ-साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड और तेलंगाना के कई वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

500 से ज्यादा नक्सली ढेर, हजारों गिरफ्तार और सरेंडर

राज्य के दक्षिणी हिस्से में स्थित बस्तर क्षेत्र, जिसमें सात जिले शामिल हैं, लंबे समय से माओवादियों का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। यह क्षेत्र महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा से सीमा साझा करता है। हालांकि बीते कुछ वर्षों में नक्सल विरोधी अभियानों के चलते यहां उग्रवादी गतिविधियों में काफी कमी आई है।

पुलिस के अनुसार, जनवरी 2024 से अब तक छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ों के दौरान 500 से अधिक नक्सली मारे गए हैं, जिनमें कई शीर्ष कमांडर भी शामिल हैं। इसी अवधि में करीब 1,900 नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि 2,500 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।

31 मार्च 2026 तय समयसीमा

बैठक से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा था कि सरकार 31 मार्च 2026 तक देश को पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त करने के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

बताया गया है कि गृह मंत्री 9 फरवरी को बस्तर के जगदलपुर भी जाएंगे, जहां वे बस्तर पंडुम महोत्सव 2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे।

Youthwings