होली से पहले ट्रेनों में टिकटों की मारामारी शुरू: रायपुर से कई रूट पर लंबी वेटिंग

ट्रेनों में टिकटों की मारामारी शुरू

ट्रेनों में टिकटों की मारामारी शुरू

रायपुर: होली का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। रायपुर से देश के अलग-अलग हिस्सों में जाने वाली कई ट्रेनों में कन्फर्म टिकट पहले ही बुक हो चुके हैं, जिसके चलते अब वेटिंग लिस्ट की स्थिति बनती जा रही है। त्योहार के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की वजह से रेलवे पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।

पटना रूट सबसे ज्यादा प्रभावित, गुजरात और हावड़ा भी शामिल

वर्तमान स्थिति के अनुसार, पटना की ओर जाने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक वेटिंग देखी जा रही है। इसके अलावा रायपुर से गुजरात और हावड़ा रूट की ट्रेनों में भी सीटों की उपलब्धता तेजी से घट रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इन रूटों पर वेटिंग और बढ़ सकती है।

जयपुर और मथुरा जाने वालों से बढ़ी मांग

होली के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक जयपुर और मथुरा की यात्रा करते हैं। इसी वजह से दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस में टिकटों की मांग अचानक बढ़ गई है। फिलहाल इस ट्रेन में स्लीपर क्लास में वेटिंग 50 तक, जबकि थर्ड एसी में वेटिंग 30 तक पहुंच चुकी है। अनुमान है कि त्योहार नजदीक आते ही यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।

इन शहरों के लिए अभी टिकट आसानी से उपलब्ध

हालांकि, सभी रूटों पर स्थिति गंभीर नहीं है। रायपुर से दिल्ली, भोपाल, हैदराबाद और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में फिलहाल टिकट उपलब्ध हैं। इन रूटों पर अभी वेटिंग शुरू नहीं हुई है और 200 से ज्यादा सीटें खाली बताई जा रही हैं। रेलवे का कहना है कि यदि इन ट्रेनों में भी दबाव बढ़ता है, तो आगे होली स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

दुर्ग-निजामुद्दीन होली स्पेशल ट्रेन से मिलेगी राहत

त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दुर्ग से निजामुद्दीन के बीच होली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन (08751/08752) चलाने का फैसला लिया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी, जिससे छत्तीसगढ़ और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी। इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए गए हैं, जिनमें जनरल, स्लीपर और एसी कोच शामिल हैं।

स्पेशल ट्रेन का रूट और समय

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार— गाड़ी संख्या 08751 1 और 2 मार्च 2026 को सुबह 10:45 बजे दुर्ग से रवाना होगी 11:20 बजे रायपुर पहुंचेगी और कुछ देर रुकने के बाद आगे बढ़ेगी। इसके बाद उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया होते हुए शाम 7:30 बजे कटनी मुड़वारा पहुंचेगी। रात के सफर में ट्रेन दमोह, सागर, झांसी, आगरा कैंट और मथुरा होते हुए अगले दिन सुबह 11:10 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी।

हावड़ा रूट पर भी बिगड़ने लगी स्थिति

रायपुर-हावड़ा रूट की ट्रेनों में भी अब वेटिंग दिखाई देने लगी है।

शालीमार एक्सप्रेस में स्लीपर वेटिंग 9,

आजाद हिंद एक्सप्रेस में 18,

हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस में 27,

जबकि पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस में वेटिंग 60 से अधिक हो गई है।

बिहार और यूपी जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़

होली को लेकर 1 और 2 मार्च के बीच बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव है। सारनाथ एक्सप्रेस में स्लीपर की वेटिंग 81 और थर्ड एसी में 41, साउथ बिहार एक्सप्रेस में वेटिंग 62, बरौनी एक्सप्रेस में वेटिंग 20 तक पहुंच गई है। रेलवे के अनुसार, इस होली पर सारनाथ एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रहने की संभावना है।

read more : मुंबई का ₹100 करोड़ का फ्लाईओवर या ‘डेथ ट्रैप’: मीरा-भायंदर का डबल डेकर फ्लाईओवर डिजाइन पर उठे गंभीर सवाल

Youthwings