Stock Market on Budget Day: बजट डे पर खुलेगा बाजार, ट्रेडर्स रहें सतर्क, जानिए क्या रहेगा अलग

Stock Market on Budget Day: अगर आप शेयर बाजार में निवेश या ट्रेडिंग करते हैं, तो 1 फरवरी 2026 आपके लिए बेहद अहम तारीख है। इसी दिन केंद्र सरकार आम बजट (Union Budget 2026) पेश करने जा रही है। चूंकि इस बार 1 फरवरी रविवार को पड़ रही है, इसलिए निवेशकों के बीच यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या NSE और BSE इस दिन खुले रहेंगे या बंद। आमतौर पर शनिवार और रविवार को बाजार में कोई ट्रेडिंग नहीं होती, लेकिन बजट के कारण इस बार स्थिति अलग है।

1 फरवरी को NSE और BSE में होगी ट्रेडिंग

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने साफ कर दिया है कि बजट डे पर शेयर बाजार पूरी तरह खुला रहेगा। यह 1999 के बाद पहली बार होगा जब आम बजट रविवार के दिन पेश किया जाएगा और इसी वजह से एक्सचेंजों ने विशेष ट्रेडिंग सेशन की व्यवस्था की है। बाजार सामान्य समय पर खुलेगा। सुबह 9 बजे प्री-ओपन सेशन शुरू होगा और 9:15 बजे से लेकर दोपहर 3:30 बजे तक नियमित ट्रेडिंग होगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे बजट पेश करेंगी, जिसके दौरान बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

ट्रेडिंग होगी लेकिन सेटलमेंट नियम रहेंगे अलग

हालांकि 1 फरवरी को शेयर बाजार खुला रहेगा, लेकिन निवेशकों को एक अहम पेंच समझना जरूरी है। इस दिन सेटलमेंट हॉलिडे रहेगा, यानी ट्रेड तो होगी लेकिन शेयर और पैसों का लेनदेन उसी दिन पूरा नहीं होगा। एक्सचेंज के अनुसार, उस दिन किए गए सभी सौदों का सेटलमेंट अगले कार्यदिवस पर किया जाएगा, क्योंकि बैंक और क्लियरिंग सिस्टम बंद रहेंगे।

निवेशकों पर सेटलमेंट हॉलिडे का क्या असर पड़ेगा

सेटलमेंट हॉलिडे की वजह से कुछ अहम पाबंदियां लागू होंगी। अगर किसी निवेशक ने शुक्रवार, 30 जनवरी को शेयर खरीदे हैं, तो वह उन्हें रविवार 1 फरवरी को बेच नहीं पाएगा। इसी तरह, जो शेयर बजट के दिन खरीदे जाएंगे, उन्हें अगले दिन यानी सोमवार, 2 फरवरी को भी बेचना संभव नहीं होगा। T+0 सेटलमेंट की सुविधा इस दिन उपलब्ध नहीं रहेगी। यह नियम खासतौर पर शॉर्ट टर्म और इंट्राडे ट्रेडर्स के लिए बेहद अहम है, क्योंकि बिना सही प्लानिंग के नुकसान हो सकता है।

बजट डे पर कमोडिटी मार्केट भी रहेगा एक्टिव

बजट के दिन सिर्फ शेयर बाजार ही नहीं, बल्कि कमोडिटी मार्केट भी खुला रहेगा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) ने जानकारी दी है कि 1 फरवरी को सुबह के सेशन में कमोडिटी ट्रेडिंग होगी। इसका मतलब यह है कि सोना, चांदी और अन्य कमोडिटी पर भी बजट का असर उसी दिन देखने को मिलेगा।

बजट वाले दिन बाजार में क्यों बढ़ती है हलचल

बजट का दिन शेयर बाजार के लिए हमेशा खास माना जाता है। पिछले 25 वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि ज्यादातर बार बजट वाले दिन बाजार में 1 फीसदी या उससे ज्यादा की चाल देखने को मिली है। टैक्स में बदलाव, सरकारी खर्च, कैपेक्स और सेक्टोरल घोषणाएं सीधे कंपनियों और शेयर कीमतों को प्रभावित करती हैं। इस बार बजट से पहले ही सेंसेक्स और निफ्टी करीब 3 फीसदी से ज्यादा गिर चुके हैं, जिससे निवेशक और ज्यादा सतर्क नजर आ रहे हैं।

Budget 2026 में किन सेक्टर्स पर रहेगी नजर

ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज के मुताबिक, सरकार इस बजट में कैपेक्स पर करीब 10 फीसदी तक बढ़ोतरी कर सकती है। डिफेंस सेक्टर पर खास फोकस रहने की उम्मीद है और डिफेंस कैपेक्स में 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी संभव मानी जा रही है। इसके अलावा रेलवे, रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर भी चर्चा में रह सकते हैं। पीएलआई स्कीम, इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च और टैक्स राहत से जुड़े ऐलान बाजार की दिशा तय कर सकते हैं।

बजट डे पर ट्रेड करना कितना सही

बजट डे ट्रेडिंग में जहां मौके होते हैं, वहीं जोखिम भी कम नहीं होते। तेज उतार-चढ़ाव के चलते कुछ ही मिनटों में बाजार का रुख बदल सकता है। शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स वोलैटिलिटी का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं, लेकिन अचानक गिरावट से बड़ा नुकसान भी हो सकता है। वहीं, लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए जानकारों की सलाह है कि बजट के बाद बाजार की तस्वीर साफ होने का इंतजार किया जाए।

निवेशकों के लिए सबसे जरूरी बात

1 फरवरी को शेयर बाजार जरूर खुला रहेगा, लेकिन सेटलमेंट नियम सामान्य नहीं होंगे। इसलिए कोई भी निवेश या ट्रेड करने से पहले यह समझना बेहद जरूरी है कि शेयर कब बेच पाएंगे और पैसा कब सेटल होगा। सही जानकारी और समझदारी भरी रणनीति ही बजट डे की बड़ी हलचल में नुकसान से बचा सकती है।

Youthwings