26 जनवरी तक दिल्ली–रायपुर सुबह की फ्लाइट रद्द, यात्रियों को नहीं मिलेगी सीधी उड़ान

26 जनवरी तक दिल्ली–रायपुर सुबह की फ्लाइट रद्द

26 जनवरी तक दिल्ली–रायपुर सुबह की फ्लाइट रद्द

रायपुर: गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र दिल्ली में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं, जिसका सीधा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा है। 22 से 26 जनवरी तक यात्री न तो सुबह के समय रायपुर से दिल्ली की उड़ान भर सकेंगे और न ही दिल्ली से रायपुर आ सकेंगे। सुरक्षा कारणों से एयर इंडिया की दिल्ली–रायपुर–दिल्ली सुबह की फ्लाइट को इन तारीखों के लिए पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।

गणतंत्र दिवस आयोजनों के चलते फैसला

सूत्रों के मुताबिक, 26 जनवरी को होने वाले राष्ट्रीय समारोहों और एयर शो का पूर्वाभ्यास सुबह के समय किया जाता है। इस दौरान दिल्ली एयरस्पेस में गतिविधियां बढ़ जाती हैं, साथ ही वीआईपी मूवमेंट भी अधिक रहता है। आमतौर पर ऐसी स्थिति में फ्लाइट्स को री-शेड्यूल किया जाता था, लेकिन इस बार सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ान को पूरी तरह रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

गणतंत्र दिवस के बाद सामान्य होगा संचालन

बताया गया है कि 26 जनवरी के कार्यक्रम समाप्त होने के बाद फ्लाइट्स को अपने निर्धारित समय पर फिर से संचालित किया जाएगा। गौरतलब है कि रायपुर से दिल्ली के लिए सबसे पहले एयर इंडिया की सुबह की फ्लाइट उड़ान भरती है, जबकि इंडिगो की उड़ानें इसके बाद शुरू होती हैं। इस अवधि में केवल एयर इंडिया की सुबह की फ्लाइट रद्द की गई है।

फ्लाइट रद्द होने से बढ़ा किराया

सुबह की उड़ान कैंसिल होने का असर दोपहर की फ्लाइट्स के किराए पर भी देखने को मिला है। दोपहर की उड़ानों का किराया 2 हजार रुपये तक बढ़ गया है।

शुक्रवार और शनिवार: 12 से 14 हजार रुपये

रविवार और सोमवार: 6 से 8 हजार रुपये

हालांकि, 26 जनवरी के बाद दिल्ली के लिए टिकट 6 हजार रुपये से कम में उपलब्ध हो जाएंगी।

यात्रियों को पहले दी गई सूचना

एयरलाइन की ओर से फ्लाइट रद्द होने की जानकारी यात्रियों को पहले ही दे दी गई थी, ताकि उन्हें असुविधा न हो। राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सुरक्षा जांच भी की जा रही है।

read more : Gold-Silver Price Today: सोना रिकॉर्ड ऊंचाई पर, चांदी में तेज उछाल.. जानिए कहां करें निवेश?

Youthwings