अवैध धान भंडारण पर सबसे बड़ी कार्रवाई, बीजेपी नेता के घर छापा, 400 से ज्यादा बोरी जब्त
सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में अवैध धान भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। देर रात की गई इस छापेमारी में प्रशासनिक टीम ने एक बीजेपी नेता और वकील के घर से 400 से अधिक बोरी अवैध धान जब्त किया है। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी नेता द्वारा अधिकारियों को धमकाने का मामला भी सामने आया है।
इनपुट मिलते ही देर रात हुई छापेमारी
प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि देर रात एक ट्रक अवैध धान लेकर सीतापुर में स्थित बीजेपी नेता एवं अधिवक्ता सुनील गुप्ता के निवास पर पहुंचा है। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार तुषार मानिक के नेतृत्व में राजस्व और प्रशासनिक टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
परिसर से बरामद हुईं 400 से अधिक धान की बोरियां
छापेमारी के दौरान टीम ने सुनील गुप्ता के परिसर से 400 से अधिक बोरी अवैध रूप से संग्रहित धान बरामद किया। प्रारंभिक जांच में धान के भंडारण से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद प्रशासन ने सभी बोरियों को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को धमकाने का आरोप
इस पूरी कार्रवाई के दौरान बीजेपी नेता सुनील गुप्ता का व्यवहार भी सवालों के घेरे में आ गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान उन्होंने प्रशासनिक टीम को धमकाने का प्रयास किया। घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी है।
विधायक रामकुमार टोप्पो के करीबी बताए जा रहे
बताया जा रहा है कि सुनील गुप्ता, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के करीबी माने जाते हैं। इस कारण यह कार्रवाई राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है। मामले की पुष्टि नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने की है और कहा कि आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
