Zomato के फाउंडर ने दिया इस्तीफा, छोड़ा ग्रुप CEO का पद, बताई ये वजह…
ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी Zomato की मूल कंपनी इटरनल (Eternal) में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने कंपनी के ग्रुप CEO पद से इस्तीफा दे दिया है। शेयरधारकों की मंजूरी के बाद यह फैसला प्रभावी हो गया है। कंपनी ने अल्बिंदर ढींडसा को तत्काल प्रभाव से इटरनल का नया ग्रुप CEO नियुक्त किया है।
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में इटरनल ने बताया कि यह बदलाव कंपनी की लीडरशिप स्ट्रैटेजी का हिस्सा है। इसके साथ ही कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (Q3) के नतीजे भी जारी किए हैं।
इस्तीफे की वजह क्या बताई?
दीपिंदर गोयल ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा कि हाल के दिनों में वे कुछ नए और उच्च जोखिम वाले आइडियाज की ओर आकर्षित हुए हैं। ये आइडियाज ऐसे प्रयोगों से जुड़े हैं, जिन्हें किसी पब्लिक कंपनी के दायरे से बाहर रहकर बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है। इसी कारण उन्होंने ग्रुप CEO पद छोड़ने का निर्णय लिया।
अब अल्बिंदर ढींडसा संभालेंगे जिम्मेदारी
गोयल ने स्पष्ट किया कि अब इटरनल के सभी दैनिक संचालन, ऑपरेटिंग प्राथमिकताओं और प्रमुख बिजनेस फैसलों की जिम्मेदारी अल्बिंदर ढींडसा संभालेंगे। उन्होंने कहा कि ब्लिंकिट के अधिग्रहण से लेकर उसे ब्रेक-ईवन तक पहुंचाने में ढींडसा की अहम भूमिका रही है और वे कंपनी का नेतृत्व करने में पूरी तरह सक्षम हैं।
स्टॉक ऑप्शन
इस बदलाव के तहत दीपिंदर गोयल के सभी अनवेस्टेड ESOPs कर्मचारी स्टॉक ऑप्शन पूल में वापस चले जाएंगे। हालांकि, वे कंपनी से पूरी तरह अलग नहीं होंगे और बतौर फाउंडर रणनीतिक स्तर पर जुड़े रह सकते हैं।
जोमैटो की शुरुआत से आज तक
दीपिंदर गोयल ने वर्ष 2008 में पंकज चड्ढा के साथ जोमैटो की नींव रखी थी। शुरुआत में इसका नाम Foodiebay था, जो रेस्टोरेंट मेनू और रिव्यू का प्लेटफॉर्म हुआ करता था। समय के साथ यह भारत की सबसे बड़ी फूड डिलीवरी कंपनियों में शामिल हो गया। हाल के वर्षों में गोयल ने इटरनल के बाहर डीपटेक, लॉन्गेविटी और पर्सनल रिसर्च वेंचर्स में भी निवेश शुरू किया है।
