अश्लील डांस वीडियो विवाद: जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया राजनीतिक साजिश, थाने में शिकायत दर्ज

गरियाबंद। गरियाबंद जिले में कथित अश्लील डांस आयोजन से जुड़े एक वायरल वीडियो ने सियासी माहौल गर्मा दिया है। वीडियो में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप की मौजूदगी का दावा किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ गया। इस पूरे प्रकरण को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष ग्रामीणों के साथ देवभोग थाना पहुंचे और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

गौरी शंकर कश्यप का आरोप है कि यह पूरा मामला राजनीतिक षड्यंत्र के तहत रचा गया है। उन्होंने कहा कि सीनापाली गांव के एक पारिवारिक कार्यक्रम के वीडियो को उरमाल में हुए कथित अश्लील डांस आयोजन के वीडियो के साथ एडिट कर सोशल मीडिया और यूट्यूब चैनलों पर वायरल किया गया, जिससे उनकी छवि धूमिल की जा रही है। अध्यक्ष ने इस कृत्य के लिए जिम्मेदार यूट्यूबर्स और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में गरियाबंद में एक ओपेरा आयोजन के नाम पर अश्लील डांस का मामला सामने आया था। आरोप है कि कुछ यूट्यूब चैनलों ने जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप और जनपद उपाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल का पुराना वीडियो इस अश्लील आयोजन के वीडियो के साथ जोड़कर वायरल कर दिया। वायरल कंटेंट में यह भी दावा किया गया कि जनप्रतिनिधि निलंबित एसडीएम के साथ बैठकर अश्लील डांस देख रहे थे और मामले को दबाने के लिए दो लाख रुपये की मांग की गई थी।

ग्रामीणों का थाने में विरोध

विवादित वीडियो के विरोध में सीनापाली गांव के 50 से अधिक ग्रामीण, उपसरपंच कौशिक नायक के नेतृत्व में देवभोग थाना पहुंचे और भ्रामक वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि 17 दिसंबर को जनप्रतिनिधि सीनापाली के ओपेरा कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शामिल हुए थे, जहां किसी भी प्रकार की अश्लीलता नहीं थी।

“आरोप सिद्ध हुए तो पद छोड़ दूंगा”

मीडिया से चर्चा करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि वे संघ के आदर्शों पर चलने वाले व्यक्ति हैं और यदि उन पर लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो वे तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने निलंबित एसडीएम तुलसीदास मरकाम और एक बर्खास्त शिक्षाकर्मी पर साजिश रचने का आरोप लगाते हुए उनके कार्यकाल की भी जांच की मांग की।

पुलिस जांच शुरू

देवभोग थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है। वायरल वीडियो और डिजिटल कंटेंट की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। संदिग्धों से पूछताछ की जाएगी और अपराध प्रमाणित होने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings