Ramanujganj Bus Accident: परिवार संग जा रहे थे झारखंड, रास्ते में काल बनकर पलटी बस, 80 लोग थे सवार, 5 लोगों की दर्दनाक मौत

Ramanujganj Bus Accident:छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर सामरी थाना क्षेत्र के ओरसा पाठ घाट में यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में अब तक छत्तीसगढ़ के कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनभर से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

हादसा झारखंड के लातेहार जिले में हुआ, जहां पिपरसोत गांव (जिला बलरामपुर) के ग्रामीण एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने और घूमने के उद्देश्य से झारखंड जा रहे थे। सभी यात्री ज्ञान गंगा स्कूल की बस में सवार थे, जो महुआडांड होते हुए लोध फाल जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओरसा घाटी में ढलान पर बस तेज रफ्तार में बेकाबू हो गई और पीडब्ल्यूडी द्वारा लगाए गए रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पलट गई। इसके बाद बस पास के एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय बस में करीब 80 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस, सामरी थाना पुलिस और बलरामपुर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एम्बुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को झारखंड के महुआडांड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ घायलों को छत्तीसगढ़ के अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।

हादसे में मौतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्य लगातार जारी है।

Youthwings