Rahul Gandhi Indore Visit: भागीरथपुरा की गलियों में पैदल चले राहुल गांधी, दूषित जल पीड़ितों से मिलकर बोले– जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
Rahul Gandhi Indore Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने भागीरथपुरा दूषित जल कांड से प्रभावित लोगों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। राहुल गांधी ने पहले बॉम्बे अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, इसके बाद वे भागीरथपुरा की संकरी गलियों में पैदल चलते हुए पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे।
राहुल गांधी ने बॉम्बे अस्पताल में करीब 15 मिनट बिताए और दूषित पानी से बीमार हुए मरीजों से बातचीत की। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार और कमल नाथ भी मौजूद रहे। सुरक्षा कारणों से कुछ नेताओं को अस्पताल परिसर के बाहर ही रोक दिया गया था।
अस्पताल से निकलने के बाद राहुल गांधी भागीरथपुरा बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने दूषित जल के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने सबसे पहले मृतक गीता बाई के घर जाकर परिवार को सांत्वना दी और फिर जीवन माली के परिजनों से मुलाकात की, जिनकी मौत भी इसी हादसे में हुई थी। इस दौरान भारी भीड़ के कारण धक्का-मुक्की हुई, जिस पर राहुल गांधी कुछ समय के लिए नाराज भी नजर आए।
राहुल गांधी ने संस्कार गार्डन में रहने वाले 5 महीने के मासूम अव्यान के परिजनों से भी मुलाकात करने की बात कही है। कांग्रेस ने प्रशासन को चार ऐसे घरों की सूची सौंपी है, जहां राहुल गांधी पीड़ित परिवारों से मिलेंगे। इस मौके पर कांग्रेस ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि दूषित जल कांड में जान गंवाने वाले सभी 24 मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
राहुल गांधी ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस मामले में उनके साथ खड़ी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आवाज उठाती रहेगी।
