बस्तर में धान संग्रहण केंद्र पर PCC चीफ दीपक बैज ने पकड़ा चूहा, बोले- “इन चूहों ने अब तक कितने करोड़ का धान खा लिया है?”
बस्तर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल मचा दी है जब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने बस्तर के एक धान संग्रहण केंद्र का निरीक्षण करते हुए खुद एक चूहा पकड़ लिया। यह घटना न केवल चौंकाने वाली थी, बल्कि सरकार की धान खरीदी और भंडारण व्यवस्था पर गहरा सवाल भी खड़ा करती है। बैज ने चूहे को हाथ में उठाकर तस्वीरें और वीडियो शेयर किए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
दीपक बैज ने मौके पर ही सरकार की लापरवाही पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से उगाया धान खुले गोदामों में रखा जा रहा है, जहां टूटी दीवारें, अपर्याप्त सुरक्षा और चारों तरफ चूहे घूम रहे हैं। व्यंग्य करते हुए बैज ने सवाल उठाया, “सरकार बताए कि इन चूहों ने अब तक कितने करोड़ का धान खा लिया है?”
बस्तर में मिले भाजपा सरकार के चूहे। pic.twitter.com/SP76SplVhG
— INC Chhattisgarh (@INCChhattisgarh) January 13, 2026
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बैज ने लिखा, “बस्तर में मिले बीजेपी के चूहे।” इस एक लाइन ने सियासी हलकों में तहलका मचा दिया। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार कागजों पर किसानों की चिंता दिखाती है, लेकिन जमीनी हकीकत में भंडारण व्यवस्था इतनी खराब है कि अनाज चूहों की भेंट चढ़ रहा है।
बस्तर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र में किसान पहले से ही कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। समय पर भुगतान, सही तौल और सुरक्षित भंडारण—इन तीनों मोर्चों पर सरकार नाकाम साबित हो रही है। बैज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुए तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
यह घटना छत्तीसगढ़ में धान खरीदी और संग्रहण को लेकर चल रही सियासत को और गरमा रही है। हाल ही में कवर्धा, बेमेतरा और अन्य जिलों में भी करोड़ों के धान के सड़ने या ‘चूहों द्वारा खाए जाने’ के मामले सामने आए हैं, जिस पर कांग्रेस लगातार हमलावर है। बैज की इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकार की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
