Raipur Beer Bar Murder: रायपुर बियर बार में सनसनीखेज मर्डर, बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड की बोतल से की हत्या
Raipur Beer Bar Murder: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गीतानगर इलाके में एक बियर बार के अंदर एक विवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के बॉयफ्रेंड ने ही बियर की बोतल से उस पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पूरी घटना बियर बार में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान टी. सुनील राव उर्फ शीनू के रूप में हुई है। आरोपी ने महिला को बियर बार में बुलाया और किसी बात को लेकर विवाद के बाद उस पर बियर की बोतल से हमला कर दिया। हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालांकि, इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और मोहल्लेवासियों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आजाद चौक थाना का घेराव कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का केस दर्ज कर आरोपी टी. सुनील राव उर्फ शीनू को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
