Gariaband News: गरियाबंद के 50 गांवों में बिजली नहीं, 14 घंटे हाईवे जाम के बाद प्रशासन ने दिया लिखित आश्वासन
Gariaband News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के गौरगांव क्षेत्र में बिजली की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। क्षेत्र के करीब 8 पंचायतों के 50 गांवों में अब तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंच पाई है। वर्षों से शिकायतों के बावजूद समाधान न होने से नाराज़ ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 130C पर 14 घंटे तक चक्का जाम कर दिया।
यह नेशनल हाईवे गरियाबंद को ओडिशा और देवभोग क्षेत्र से जोड़ता है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ चक्का जाम रात 9 बजे तक जारी रहा। इस दौरान 1000 से अधिक ग्रामीण सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते रहे, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से बिजली की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन ही मिले हैं। विरोध के दौरान प्रशासन ने पहले एसडीएम और बाद में अपर कलेक्टर को मौके पर भेजा, लेकिन ग्रामीण केवल बिजली आपूर्ति की स्पष्ट तारीख पर अड़े रहे।
चक्का जाम के दौरान ग्रामीण पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। सैकड़ों ट्रैक्टरों में 7 दिन का राशन लाया गया और सड़क किनारे बड़े चूल्हों पर भोजन बनाया गया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब उनके क्षेत्र के ऊपर से बिजली की लाइन गुजरकर देवभोग को सप्लाई दी जा सकती है, तो उन्हें बिजली से वंचित क्यों रखा जा रहा है, जबकि यह इलाका टाइगर प्रोजेक्ट एरिया में भी शामिल है।
अंततः प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने 14 घंटे बाद चक्का जाम समाप्त किया। इस पूरे मामले को लेकर IBC24 ने मौके पर पहुंचकर दो घंटे की विशेष कवरेज की और ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
