रक्षक ही बने भक्षक: डायल 112 के चालक और उसके दोस्तों ने मिल कर युवती से किया गैंग रेप, दो आरोपी गिरफ्तार

डायल 112

डायल 112

कोरबा: जिले से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। जनता की सुरक्षा के लिए तैनात डायल 112 सेवा के एक चालक ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने का आरोप है। इस घटना के सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि डायल 112 का चालक अपने चार दोस्तों के साथ युवती को बांकी क्षेत्र स्थित एसईसीएल (SECL) के एक सुनसान मकान में ले गया। वहां आरोपियों ने मिलकर युवती के साथ दुष्कर्म किया और वारदात के बाद उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।

पीड़िता ने परिजनों को बताई आपबीती, पुलिस को दी गई सूचना

किसी तरह पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। जैसे ही पुलिस को यह पता चला कि मुख्य आरोपी डायल 112 सेवा से जुड़ा चालक है, वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

5 में से 2 आरोपी हिरासत में, 3 की तलाश जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों में से दो को हिरासत में ले लिया है। बाकी तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

read more : Budget Session 2026: 28 जनवरी से शुरू होगा बजट सत्र, राष्ट्रपति ने दी मंजूरी, जानिए पूरा शेड्यूल

गंभीर हालत में पीड़िता अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे उपचार और मेडिकल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है।

सिविल लाइन थाने में दर्ज हुआ मामला, कड़ी कार्रवाई का दावा

फिलहाल इस मामले में सिविल लाइन थाना में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings