“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वन मंत्री ने की पौधारोपण की अपील

110 एकड़ में बन रही है प्रदेश की पहली प्रमुख लघुवनोपज प्रसंस्करण इकाई, वन मंत्री ने लिया जायजा

₹23 करोड़ की लागत से बन रही प्रसंस्करण इकाई, मंत्री कश्यप ने दिए समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

रायपुर/दुर्ग। प्रदेश के वन मंत्री केदार कश्यप ने आज दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के ग्राम जामगांव (एम) में निर्माणाधीन लघुवनोपज के केन्द्रीय प्रसंस्करण इकाई का दौरा कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद विजय बघेल, जिला पंचायत एवं जनपद प्रतिनिधि, और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण भी मौजूद थे।

110 एकड़ में बन रही अत्याधुनिक इकाई

लगभग ₹23 करोड़ की लागत से विकसित की जा रही इस प्रसंस्करण इकाई को 110 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जा रहा है। यह इकाई प्रदेश में लघुवनोपजों के वैज्ञानिक और व्यावसायिक प्रसंस्करण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

वन मंत्री ने वहां प्रसंस्करण के लिए तैयार किए जा रहे उत्पाद, गोदामों में संग्रहित वनोपज, मिलेट्स फसल, तथा प्रसंस्करण उपरांत वितरण प्रणाली की जानकारी भी अधिकारियों से प्राप्त की।

 “एक पेड़ माँ के नाम”: पौधारोपण के लिए जनभागीदारी की अपील

निरीक्षण के दौरान वन मंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस परिसर को सिर्फ औद्योगिक ही नहीं बल्कि हरित व समर्पित प्रयासों का केंद्र बनाना है।

कौन-कौन रहे मौजूद?

इस मौके पर डीएफओ चंद्रशेखर परदेशी, एसडीएम लवकेश ध्रुव, वन विभाग के अन्य अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Youthwings