Traffic Awareness Campaign: हेलमेट पहनने वालों का सम्मान, नियम तोड़ने वालों को समझाइश

Traffic Awareness Campaign: सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने व्यापक यातायात जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी और जवान सड़कों पर उतरे और वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी।

समझाइश के साथ सुरक्षा का संदेश

अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की समझाइश दी गई। नियमों का पालन न करने वाले युवाओं को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया गया, वहीं नियमों का सही तरीके से पालन करने वाले चालकों को सम्मानित भी किया गया।

पुलिस द्वारा कई वाहन चालकों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए, जिससे लोगों को सुरक्षा के प्रति प्रेरित किया जा सके।

सीट बेल्ट और साइलेंसर पर भी सख्ती

चारपहिया और भारी वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर ही वाहन चलाने की हिदायत दी गई। वहीं, नियमों के उल्लंघन में पाए गए वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाए गए।

इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

पूरे जनवरी चलेगा अभियान

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि जिले में यह यातायात जागरूकता अभियान पूरे जनवरी माह तक चलाया जाएगा। इस दौरान वाहनों की नियमित जांच के साथ-साथ चालकों को यातायात नियमों के पालन से होने वाले फायदे भी बताए जाएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्रों को भी सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जनता से अपील

एसपी भावना गुप्ता ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज अपने पास रखें, दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं और नाबालिगों को वाहन चलाने न दें। उन्होंने सुझाव दिया कि बच्चों को दोपहिया वाहन की बजाय साइकिल दी जाए, जिससे उनका स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।

Youthwings