तिरुपति: नशे में मंदिर के शिखर पर चढ़कर शराब मांगने लगा शख्स, किया जमकर ड्रामा

तिरुपति के प्रसिद्ध श्री गोविंदराज स्वामी मंदिर में एक शराबी व्यक्ति ने शनिवार की रात भारी हंगामा मचा दिया। नशे में धुत यह शख्स मंदिर की दीवारों पर चढ़ गया और सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर गोपुरम (मुख्य शिखर) पर पहुंच गया। वहां से उसने नीचे उतरने की शर्त पर एक क्वार्टर शराब की बोतल मांगी। व्यक्ति की पहचान तेलंगाना के निजामाबाद जिले के निवासी कुट्टाडी तिरुपति (45 वर्ष) के रूप में हुई है।

 

मंदिर परिसर में घुसकर पहुंचा गोपुरम तक

तिरुपति तिरुमाला देवस्थानम (TTD) के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति मंदिर परिसर के अंदर लकड़ी के तंबू (टेंट) के सहारे चढ़कर अंदर घुसा। इसके बाद वह नदीमी गोपुरम पर चढ़ गया और वहां लगे पवित्र कलशों (शिखरों) को खींचने-तोड़ने का प्रयास करने लगा। सतर्क मंदिर कर्मचारियों ने उसे देख लिया, जिसके बाद तुरंत अलर्ट किया गया।

 

तीन घंटे की रेस्क्यू ऑपरेशन

तिरुपति पुलिस, फायर डिपार्टमेंट और TTD सुरक्षा टीम ने मिलकर लगभग तीन घंटे तक रस्सियों, लोहे की सीढ़ियों और अन्य उपकरणों की मदद से संदिग्ध को सुरक्षित नीचे उतारा। रेस्क्यू के दौरान माना जा रहा है कि गोपुरम के दो कलशों को नुकसान पहुंचा है। ऑपरेशन सफल होने के बाद व्यक्ति को हिरासत में लेकर तिरुपति ईस्ट पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

 

सांसद गुरुमूर्ति ने जताई गहरी निराशा

तिरुपति के सांसद डॉ. एम. गुरुमूर्ति ने इस घटना पर गहरी चिंता और निराशा जताई है। उन्होंने कहा, “यह मंदिर तिरुपति शहर के मध्य में स्थित है और सबसे बड़े मंदिरों में से एक है। यह बेहद चौंकाने वाली बात है कि TTD के सतर्कता विभाग और सुरक्षा गार्ड क्या कर रहे थे, जब एक नशे में धुत व्यक्ति न केवल परिसर में घुस गया बल्कि गोपुरम पर चढ़कर कलशों को तोड़ने की कोशिश की।”

 

सांसद ने अफसोस जताते हुए कहा कि कुछ साल पहले भी इसी गोविंदराज स्वामी मंदिर में एक चोर घुसकर मुकुट चुराकर भाग गया था, जिसने सुरक्षा में बड़ी खामियां उजागर की थीं। इसके बावजूद TTD अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं किया। शुक्रवार रात की इस घटना से साफ है कि मंदिर की सुरक्षा अभी भी कमजोर है।

 

TTD की ओर से जांच शुरू

TTD अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा में हुई चूक के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही है। मंदिर परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस ने संदिग्ध पर धारा 457 (रात में घर में घुसना), 427 (नुकसान पहुंचाना) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच जारी है।

Youthwings