Chhattisgarh Morning News: दिल्ली दौरे से आज लौटेंगे CM साय, छात्रवृत्ति को लेकर कांग्रेस का हमला, अग्निवीर भर्ती रैली के एडमिट कार्ड जारी
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने दिल्ली दौरे से रायपुर लौटेंगे। वे शाम 7:20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होकर रात 9:20 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेंगे, जहां से सीधे मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति और केंद्रीय मंत्री को छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
तकनीकी अड़ंगे से आरक्षित वर्ग के बच्चे छात्रवृत्ति से वंचित: कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड में मिसमैच और बैंक खातों में केवाईसी अनिवार्यता जैसे तकनीकी कारणों का हवाला देकर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के हजारों छात्रों को छात्रवृत्ति से वंचित किया जा रहा है।
दीपक बैज का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा सहायता देना नहीं चाहती, इसी वजह से नई-नई शर्तें लगाकर छात्रवृत्ति रोकी जा रही है। उन्होंने कहा कि गणवेश, साइकिल और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं में भी उपस्थिति और अव्यावहारिक नियम लागू कर बच्चों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है।
उन्होंने सरकार से तकनीकी बाधाओं को दूर कर सत्यापन प्रक्रिया सरल बनाने और छात्रों को तत्काल छात्रवृत्ति राशि जारी करने की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि पिछली सरकार के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 30 से अधिक योजनाओं के तहत छात्रवृत्तियां दी जाती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अधिकांश योजनाओं में अड़ंगे लगाए जा रहे हैं। इस वर्ष अब तक बड़ी संख्या में छात्रों के खातों में छात्रवृत्ति की राशि नहीं पहुंच पाई है।
अग्निवीर भर्ती रैली के लिए एडमिट कार्ड जारी
छत्तीसगढ़ में जनवरी 2026 में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के लिए भारतीय सेना ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा यह भर्ती रैली 10 से 24 जनवरी 2026 तक धमतरी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इसमें राज्य के सभी जिलों के पुरुष अभ्यर्थी भाग लेंगे।
इस भर्ती रैली के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर और अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं पास) पदों के लिए चयन प्रक्रिया होगी। उल्लेखनीय है कि 30 जून से 10 जुलाई 2025 तक आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) में सफल अभ्यर्थी ही भर्ती रैली में शामिल हो सकेंगे।
एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध हैं और अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल पर भी भेजे गए हैं। रैली में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड, सभी जरूरी दस्तावेज और आधार से लिंक मोबाइल फोन लाना अनिवार्य होगा। सेना ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बताते हुए अभ्यर्थियों को दलालों से दूर रहने की सलाह दी है।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
रायपुर में आज कई सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चौबे कॉलोनी स्थित छत्रपति शिवाजी सभागृह में मराठी अभिनव वाचन, निबंध और पत्र लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं का पुरस्कार वितरण समारोह होगा। पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘संवेदना’ आयोजित किया जाएगा। वहीं संत जोसफ महागिरजाघर के चर्च हॉल में ख्रीस्त जयंती जुबली समारोह और सिलतरा स्थित श्रीपशुपतिनाथ मंदिर में भागवत कथा का आयोजन होगा। महंत घासीदास संग्रहालय परिसर में फोटो प्रदर्शनी भी दिनभर दर्शकों के लिए खुली रहेगी।
