छत्तीसगढ़ को मिली खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मेजबानी, 14 फरवरी से रायपुर में शुभारंभ
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026
रायपुर: छत्तीसगढ़ को प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 की मेजबानी सौंपी गई है। इस प्रतिष्ठित आयोजन का उद्घाटन 14 फरवरी 2026 को रायपुर में किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से भेंट कर राज्य को यह अवसर देने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
रायपुर में होगा भव्य उद्घाटन समारोह
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जानकारी दी कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का शुभारंभ 14 फरवरी को रायपुर में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की जनजातीय खेल प्रतिभाओं को देशभर में पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा और पारंपरिक खेलों को नया जीवन देगा।
देश के अलग-अलग राज्यों से आएंगे खिलाड़ी
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि छत्तीसगढ़ आदिवासी संस्कृति और खेल परंपराओं से समृद्ध राज्य है। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले आदिवासी खिलाड़ियों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि इन खेलों में पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक खेल स्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों को व्यापक अनुभव मिलेगा।
तीन संभागों में होंगी प्रतियोगिताएं
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत कुल 7 प्रमुख खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी— एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल, तैराकी इनमें सरगुजा संभाग में कुश्ती, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग, रायपुर में हॉकी, फुटबॉल और तैराकी, और बिलासपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा कुछ खेलों का प्रदर्शनी (डेमो) आयोजन भी किया जाएगा।
खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर ईएसआईसी अस्पतालों के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
साथ ही खेल मंत्रालय के सहयोग से खेल आधारभूत ढांचे, प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों के अवसरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
राज्य के लिए गर्व का क्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और सम्मान की बात है। इस आयोजन से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि पर्यटन, रोजगार और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।
