Kanker Dharmantaran News Today: आमाबेड़ा में घर वापसी का सिलसिला जारी, 6 परिवारों ने एक साथ अपनाया सनातन धर्म
Kanker Dharmantaran News Today: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में शव दफनाने को लेकर हुए विवाद और हिंसा के बाद अब धार्मिक माहौल में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जिस गांव में कुछ समय पहले तनाव की स्थिति बनी थी, वहां अब सनातन धर्म की ओर लौटने का सिलसिला लगातार जारी है। हाल ही में 20 वर्षों बाद 50 से अधिक लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर हिंदू धर्म में वापसी की थी और अब एक बार फिर 6 परिवारों के सदस्यों ने सामूहिक रूप से घर वापसी की है।
सोड़ेपारा गांव में हुई सामूहिक घर वापसी
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला बड़ेतेवड़ा पंचायत के आश्रित ग्राम सोड़ेपारा का है। यहां रहने वाले 6 परिवारों के सदस्यों ने गांव के शीतला मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सनातन धर्म अपनाया। यह घर वापसी ग्राम पटेल और ग्रामीणों की मौजूदगी में संपन्न हुई।
बताया जा रहा है कि ये सभी परिवार उसी पंचायत क्षेत्र के निवासी हैं, जहां कुछ समय पहले शव दफनाने को लेकर विवाद और हिंसा हुई थी।
चर्च प्रमुख भी कर चुके हैं सनातन धर्म में वापसी
स्थानीय लोगों के अनुसार बड़ेतेवड़ा क्षेत्र में हुई घटना के बाद इलाके के चर्च प्रमुख भी पहले ही सनातन धर्म में वापसी कर चुके हैं। इसके बाद से क्षेत्र में लगातार घर वापसी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे गांव का सामाजिक और धार्मिक माहौल बदलता नजर आ रहा है।
धर्मांतरण का कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं: घर वापसी करने वालों का दावा
घर वापसी करने वाले परिवारों का कहना है कि ईसाई धर्म अपनाने के दौरान किसी प्रकार का कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं बनाया गया था। उन्होंने दावा किया कि मिशनरी गतिविधियों के दौरान उन्हें हिंदू देवी-देवताओं की पूजा से दूर रहने और सनातन परंपराओं को छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
परिवारों का कहना है कि वर्षों तक वे अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पारंपरिक आस्थाओं से दूर रहे, लेकिन हालिया घटनाओं और बढ़ते मतभेदों के बाद उन्होंने अपने मूल धर्म में लौटने का फैसला किया।
क्षेत्र में चर्चा तेज, सामाजिक माहौल पर असर
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि धार्मिक विवाद, सामाजिक तनाव और पहचान के संकट के चलते परिवारों ने अपनी जड़ों की ओर लौटने का निर्णय लिया है। प्रशासन की नजर भी पूरे मामले पर बनी हुई है।
