युवक की मौत से भड़के परिजन, मुआवजे की मांग को लेकर किया चक्काजाम
जांजगीर-चांपा। जिले के नेताजी चौक पर शुक्रवार शाम को हड़कंप मच गया, जब एक युवक की मौत के बाद उसके परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजन युवक के पूर्व नियोक्ता नेताजी फर्नीचर के संचालक से मुआवजे की मांग कर रहे थे। इस प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर स्थिति संभाली।
क्या हुआ था युवक के साथ?
जानकारी के अनुसार, जांजगीर थाना क्षेत्र के खोखसा गांव निवासी हरिचरण प्रधान नेताजी फर्नीचर में काम करता था। काम के दौरान वह सीढ़ी से फिसलकर गिर गया, जिससे उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। घायल अवस्था में उसे नायक नर्सिंग होम, चांपा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद नाराज परिजन शव को लेकर नेताजी चौक पहुंचे और फर्नीचर संचालक से मुआवजे की मांग करते हुए चक्काजाम शुरू कर दिया।
6 घंटे तक चला प्रदर्शन
प्रदर्शन करीब छह घंटे तक चला, जिससे शहर में जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की और समझाइश दी। आखिरकार सहमति बनी, जिसमें फर्नीचर संचालक ने मृतक के बच्चों के नाम 8 लाख रुपये की FD कराने का वादा किया। साथ ही परिवार को तत्काल राहत के रूप में 50 हजार रुपये नगद दिए गए। समझौते के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया और शव का अंतिम संस्कार कराया।
