Chhattisgarh Bihan Women Strike: नियमितीकरण और मानदेय बढ़ोतरी की मांग, बिहान समूह की महिलाओं ने दिया प्रशासन को अल्टीमेटम
Chhattisgarh Bihan Women Strike: एनआरएलएम (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) अंतर्गत कार्यरत ‘बिहान’ सक्रिय समूह की महिलाओं ने अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर तीन दिनों तक हड़ताल और धरना प्रदर्शन किया। आंदोलन के बाद महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए शासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की है।
बिहान समूह की महिलाओं ने ज्ञापन में नियमितीकरण, नियुक्ति पत्र जारी करने, मानदेय में वृद्धि सहित अन्य लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। महिलाओं का कहना है कि वे लंबे समय से शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रख रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
धरना प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। नए साल की शुरुआत में महिलाओं को नियमितीकरण और मानदेय बढ़ोतरी की सौगात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि फिलहाल शासन की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
इस आंदोलन के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक स्तर पर हलचल बढ़ गई है और महिलाओं की मांगों पर विचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
