Baikunthpur Train Accident: ट्रेन से टकराकर 15 गायों की मौत, रेलवे प्रशासन पर सवाल
Baikunthpur Train Accident: कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जिला मुख्यालय के समीप नगर रेलवे स्टेशन के आगे ट्रेन की चपेट में आने से करीब 15 गोवंशों की मौत हो गई, जबकि दो गोवंश गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और गौ सेवक मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन गुजरने के दौरान अचानक गोवंश रेलवे ट्रैक पर आ गए, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन की ओर से एसडीएम और तहसीलदार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
रेलवे प्रशासन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों और गौ सेवकों का आरोप है कि रेलवे प्रशासन को घटना की तत्काल जानकारी नहीं थी। वहीं गौ सेवक मौके पर पहुंचकर घायल गोवंशों के इलाज और मृत पशुओं के अंतिम संस्कार की व्यवस्था में जुट गए हैं। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
गौरतलब है कि सितंबर 2024 में भी कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में इसी तरह का हादसा हुआ था। उस समय खरवत रेलवे फाटक के पास ट्रेन से कटकर 13 गोवंशों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की विस्तृत जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
