Morning News : कर्मचारी हड़ताल से सरकारी कार्यालय प्रभावित, मुख्यमंत्री साय झारखंड दौरे पर, NHM के 25 बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली, पढ़ें और भी बड़ी खबरें
Chhattisgarh Morning News
Morning News : छत्तीसगढ़ में 29 से 31 दिसंबर तक छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के ‘काम बंद – कलम बंद’ आंदोलन के कारण करीब 4.5 लाख अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर हैं। 31 दिसंबर को सामूहिक अवकाश लेकर बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन होगा। महंगाई भत्ता, DA एरियर्स सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर यह हड़ताल जारी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय झारखंड दौरे पर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को झारखंड के गुमला जिले में ‘कार्तिक जतरा 2025’ अंतरराज्यीय जन-सांस्कृतिक समागम में शामिल हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि रहीं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान गुमला जिला हवाई क्षेत्र नो-फ्लाई जोन घोषित रहा।
RSS प्रमुख मोहन भागवत तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मंगलवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे। वे 30 दिसंबर से 1 जनवरी तक प्रदेश में रहेंगे। 31 दिसंबर को अभनपुर के सोनपैरी (असंग देव कबीर आश्रम) में भव्य हिंदू संगम में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे।
तमनार हिंसा पर PCC चीफ दीपक बैज की प्रेस कॉन्फ्रेंस
रायगढ़ जिले के तमनार में कोल ब्लॉक विरोधी आंदोलन के दौरान हुई पुलिस-ग्रामीण झड़प पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में प्रेस वार्ता की। कांग्रेस ने 9 सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति की रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत होगी।
NHM के 25 बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के 25 बर्खास्त कर्मचारियों को सोमवार को बहाल कर दिया गया। कर्मचारी फेडरेशन की तीन दिवसीय हड़ताल की घोषणा के बाद आदेश जारी हुआ। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पहले बहाली का आश्वासन दिया था।
BJP राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह रायपुर पहुंचे
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह आज रायपुर पहुंचे। वे ठाकरे परिसर में अटल स्मृति आयोजन समिति की बैठक और एकात्म परिसर में अटल स्मृति सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन में सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
मौसम अपडेट
उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अगले 48 घंटों में घना कोहरा छा सकता है। नए साल की पूर्व संध्या पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
