भूपेश बघेल के बयान पर अजय चंद्राकर का पलटवार, बोले– संस्कार किस ओर हैं, वाणी खुद बताती है, खड़े हैं कुंभकरण-रावण के साथ…

भूपेश बघेल

भूपेश बघेल

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के “धीरेंद्र शास्त्री के जन्म से पहले से हनुमान चालीसा पढ़ते आ रहे हैं” वाले बयान पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। चंद्राकर ने कहा कि भूपेश बघेल हनुमान चालीसा पढ़ते होंगे, लेकिन वे खड़े कुंभकरण और रावण के साथ हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हनुमान चालीसा का प्रभाव उनके साथ कहां दिखाई देता है, यह उनकी वाणी और व्यवहार से स्पष्ट हो जाता है कि संस्कार किस दिशा में हैं।

वीबी गीरामजी विवाद पर बोले– नाम नहीं, नियमों पर हो चर्चा

कांग्रेस द्वारा व्हीबी गीरामजी के नाम को लेकर किए जा रहे विरोध पर विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि मुद्दा नाम का नहीं, बल्कि उसके प्रारूप और नियमों का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नए कानून के नए स्वरूप पर चर्चा जरूरी है। भाजपा ने कभी राजीव गांधी या इंदिरा गांधी का नाम नहीं हटाया, क्योंकि वे कांग्रेस के लिए पूजनीय हैं। वहीं महात्मा गांधी विश्व आइकॉन हैं।

राहुल गांधी के संभावित दौरे पर हमला

राहुल गांधी के संभावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को पहले आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह समझना होगा कि पांच वर्षों में चुनाव क्यों हारे। ग्रामीण कार्यकर्ताओं को परेशान करने से पहले नेतृत्व को ट्रेनिंग और विजन पर काम करना चाहिए। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि आत्मचिंतन के लिए विदेश जाने का अवसर राहुल गांधी के पास है, जबकि छत्तीसगढ़ की स्थिति फिलहाल अच्छी है।

read more : ‘धीरेंद्र शास्त्री छत्तीसगढ़ में पैसा बटोरने आते है, बीजेपी एजेंट हैं’, भूपेश बघेल का तीखा पलटवार, शास्त्रार्थ की दी खुली चुनौती…

दिल्ली में कांग्रेस बैठक पर तंज

दिल्ली में कांग्रेस की प्रस्तावित बैठक को लेकर भी विधायक अजय चंद्राकर ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष तक नियुक्त नहीं कर पा रही है। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं का दिल्ली जाना इस बात का संकेत है कि हर नियुक्ति के लिए “हुजूर-ए-आला” से पूछना पड़ता है। तंज कसते हुए बोले कि इन्हें बैठक करने की जरूरत नहीं, ईमेल से ही नाम मंगवा लेना चाहिए।

विनोद तिवारी की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया

कांग्रेस नेता विनोद तिवारी की गिरफ्तारी को लेकर अजय चंद्राकर ने कहा कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश से हुई है, न कि भाजपा के कहने पर। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोप केवल बयानबाजी की औपचारिकता हैं।

 

Youthwings