TS Singhdeo on Hindu: हिंदुओं पर बयान देकर विवादों में घिरे टीएस सिंहदेव, भाजपा का तीखा हमला
TS Singhdeo on Hindu: छत्तीसगढ़ की राजनीति में मुगल इतिहास और हिंदुओं को लेकर दिए गए बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान भी विवादों में रहे थे, और अब दोनों नेताओं को भाजपा ने एक साथ घेर लिया है।
इस मामले में भाजपा सांसद संतोष पांडेय और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस और टीएस सिंहदेव पर जमकर निशाना साधा है। सांसद संतोष पांडेय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि टीएस सिंहदेव और कांग्रेस पार्टी लंबे समय से जनता को गुमराह करने का काम करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने सनातन परंपराओं का अपमान किया है और जनता सब कुछ देख रही है।
संतोष पांडेय ने कहा कि टीएस सिंहदेव ने अपने कार्यकाल में भी कई मुद्दों पर भ्रम फैलाया और धार्मिक भावनाओं के खिलाफ बयान दिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता इतिहास को अपने हिसाब से पेश कर रहे हैं और संतों व धार्मिक संस्थाओं के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं।
वहीं, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस खुद दुविधा में फंसी हुई पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस न तो हिंदुओं का भरोसा जीत पा रही है और न ही अल्पसंख्यकों का। रामविचार नेताम ने कहा, “कांग्रेस के साथ अब कोई नहीं है, न हिंदू, न अल्पसंख्यक और न ही ईसाई।”
विवाद की जड़ बने टीएस सिंहदेव के बयान में उन्होंने कहा था कि मुगल काल में धर्म के आधार पर अत्याचार के ऐतिहासिक प्रमाण नहीं मिलते। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू सभ्यता में राज करने वाले शासक संख्या में सीमित रहते थे और अन्य समुदायों के साथ संबंध बनाकर शासन करते थे। सिंहदेव ने दावा किया कि उन्होंने इतिहास की पढ़ाई की है और उनके अनुसार मुगल काल में हिंदू सुरक्षित थे।
टीएस सिंहदेव के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।
