छत्तीसगढ़ बंद के बीच कांकेर में फिर भड़का विवाद, धर्मांतरित महिला के घर में तोड़फोड़, इलाके में तनाव
कांकेर। छत्तीसगढ़ बंद के दौरान कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। गांव में रहने वाली एक धर्मांतरित महिला से ग्रामीणों द्वारा मूल हिंदू धर्म में वापसी करने को कहा गया। महिला के इनकार करने पर ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने उसके घर में जमकर तोड़फोड़ कर दी।
बताया जा रहा है कि शव दफन विवाद के बाद ग्रामीणों ने महिला से घर वापसी की मांग की थी, लेकिन महिला ने बीमारी का हवाला देते हुए मूल धर्म में लौटने से मना कर दिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने महिला के घर की छत और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद हालात कुछ समय के लिए शांत हुए, लेकिन क्षेत्र में अब भी तनाव बना हुआ है।
गौरतलब है कि बड़े तेवड़ा गांव के चर्च लीडर महेंद्र बघेल ने मंगलवार को शीतला मंदिर में हिंदू धर्म में घर वापसी की थी। इसके बाद से आमाबेड़ा और आसपास के इलाकों में माहौल संवेदनशील बना हुआ है।
