नक्सल संगठन को बड़ा झटका: उड़ीसा में 22 माओवादियों ने किया सरेंडर, AK-47 समेत हथियार सौंपे

नक्सलियों का बड़ा सरेंडर

नक्सलियों का बड़ा सरेंडर

सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से सटे ओडिशा के मलकानगिरी जिले में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को उड़ीसा के पुलिस महानिदेशक (DGP) के समक्ष प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन के 22 नक्सलियों ने सामूहिक रूप से आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में नक्सल संगठन के तीन स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य भी शामिल हैं।

वरिष्ठ कैडर के नक्सली शामिल

जानकारी के अनुसार, सरेंडर करने वाले नक्सलियों में अधिकांश केरलापाल एरिया कमेटी से जुड़े बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही दोरनापाल LOS का कमांडर भी आत्मसमर्पण करने वालों में शामिल है। आत्मसमर्पण करने वाले कैडरों में एक वरिष्ठ डिविजनल कमेटी मेंबर (DVCM) और छह एरिया कमेटी मेंबर (ACM) स्तर के नक्सली शामिल हैं, जिससे संगठन को बड़ा झटका लगा है।

AK-47 समेत 9 हथियार किए जमा

आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने अपने साथ एक AK-47 राइफल, दो इंसास, एक SLR सहित कुल 9 हथियार भी पुलिस के हवाले किए। हथियारों के साथ इतने बड़े पैमाने पर सरेंडर को सुरक्षा बलों की बड़ी रणनीतिक सफलता माना जा रहा है।

1.84 करोड़ रुपये की सहायता राशि

राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत हथियारों के साथ सरेंडर करने वाले 22 नक्सली कैडरों को कुल 1 करोड़ 84 लाख 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया और बैंक खाते खुलने के बाद यह राशि डिमांड ड्राफ्ट या चेक के माध्यम से प्रदान की जाएगी। वहीं, सभी 22 कैडरों को 25-25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि भी दी गई है।

read more : ASP-DSP Transfer: पुलिस मकहमे में बड़ी सर्जरी: राज्य पुलिस सेवा के 95 अधिकारियों का तबादला…

पुनर्वास योजना के तहत मिलेंगी अतिरिक्त सुविधाएं

सरकार की पुनर्वास नीति के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को अतिरिक्त लाभ भी दिए जाएंगे। इसके अंतर्गत

आर्योदय गृह योजना के तहत आवास सुविधा,

पात्र मामलों में 25 हजार रुपये की विवाह सहायता,

अधिकतम 36 माह का कौशल विकास प्रशिक्षण,

और प्रशिक्षण अवधि के दौरान 10 हजार रुपये प्रतिमाह वजीफा प्रदान किया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

 

Youthwings