भाजपा नेता की हत्या: दिनदहाड़े अक्षय गर्ग पर तीन नकाबपोश हमलावरों ने धारदार हथियार से किया वार
भाजपा नेता की हत्या
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से मंगलवार सुबह एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है। कारखाना मोहल्ला निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता, जनपद पंचायत सदस्य और ठेकेदार अक्षय गर्ग पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
कार्यस्थल पर घात लगाकर किया गया हमला
बताया जा रहा है कि अक्षय गर्ग ग्राम केशलपुर स्थित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान काले रंग की एक कार में सवार तीन नकाबपोश हमलावर मौके पर आए और धारदार हथियारों से उन पर जानलेवा वार कर फरार हो गए।
रास्ते में तोड़ा दम
हमले के बाद गंभीर रूप से घायल अक्षय गर्ग को तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गहरी चोटों के चलते उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इलाके में पुलिस तैनात, माहौल तनावपूर्ण
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में परिजन और समर्थक एकत्र हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कटघोरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया है। जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने हत्या के आरोपियों की तलाश के लिए क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन की जा रही है।
read more : 200 से ज्यादा ग्रामीणों ने किया चक्काजाम…8 सूत्रीय मांगों को लेकर कर रहे प्रदर्शन
