Morning News : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज आंध्र प्रदेश दौरे पर, अटल जी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
Chhattisgarh Morning News
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज आंध्र प्रदेश के ईस्ट गोदावरी जिले के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 1:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट से रवाना होंगे।
दोपहर 3:30 बजे वे अटल मोदी सुपारीपालना यात्रा में शामिल होंगे। शाम 4:15 बजे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे तथा अटल जी पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। रात 8:30 बजे वे आंध्र प्रदेश से रायपुर वापस लौटेंगे।
मनरेगा में बदलाव पर कांग्रेस का हमला
रायपुर। मनरेगा कानून में बदलाव को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। एआईसीसी के निर्देश पर छत्तीसगढ़ पहुंचे वरिष्ठ नेता एवं सांसद शशिकांत सैथिल ने कहा कि सुधार के नाम पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना को खत्म कर दिया है। यह महात्मा गांधी के नाम और सोच को मिटाने तथा गरीबों से काम के अधिकार छीनने का षड्यंत्र है।
राजीव भवन में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत तथा पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज की मौजूदगी में सैथिल ने आरोप लगाया कि 2014 से मोदी सरकार मनरेगा के खिलाफ रही है। 11 वर्षों में बजट कटौती, फंड रोकने, जॉब कार्ड हटाने और आधार आधारित पेमेंट की अनिवार्यता से करीब 7 करोड़ मजदूरों को बाहर कर दिया गया। अब 100% केंद्र फंडेड योजना में राज्यों से 40% खर्च वसूला जाएगा, जो वित्तीय धोखा है। कांग्रेस सड़क से संसद तक इस मजदूर एवं संघीयता विरोधी हमले का विरोध करेगी।
नेशनल हेराल्ड मामले में राहत पर सैथिल बोले
सांसद सैथिल ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में अदालत द्वारा सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी पर ED केस खारिज करने से मोदी-शाह की बदले की राजनीति को करारा झटका लगा है। यह राजनीति से प्रेरित खोखला केस था, जो निजी नफरत पर आधारित था।
आप महासचिव डॉ. संदीप पाठक छत्तीसगढ़ दौरे पर
रायपुर। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव डॉ. संदीप पाठक आज से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रहे हैं। इस दौरान वे प्रदेश संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे तथा पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं से महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने बताया कि डॉ. पाठक केनाल रोड स्थित पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। हाल ही में संगठन विस्तार में हुई नई नियुक्तियों के पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश देंगे तथा छत्तीसगढ़ के हित में लड़ने वाले सामाजिक संगठनों से मुलाकात करेंगे।
रायपुर में आज क्रिसमस शोभायात्रा
रायपुर। क्रिसमस के उपलक्ष्य में आज सुबह 10 बजे महागिरजाघर (बैरन बाजार) से पवित्र क्रिसमस शोभायात्रा शुरू होगी। सेंट जोसेफ चर्च के मीडिया प्रभारी गुरविंदर सिंह चड्ढा ने बताया कि यात्रा में प्रभु यीशु के जन्म की सुंदर झांकियां, पारंपरिक गीत-संगीत तथा सांता क्लॉज शामिल होंगे।
शोभायात्रा महागिरजाघर से शुरू होकर पुलिस लाइन, पेंशन बाड़ा चौक, टैगोर चौक, मदर टेरेसा आश्रम चौक, संत कंवर चौक, नेताजी चौक, कबीर चौक, ओसीएम चौक, महिला थाना चौक होते हुए वापस महागिरजाघर लौटेगी।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
विकलांगों का परिचय सम्मेलन
संस्था: अ.भा. विकलांग चेतना परिषद एवं सहयोगी संस्थाएं
स्थान: आशीर्वाद भवन, बैरन बाजार
समय: सुबह 11 बजे से
छत्तीसगढ़ संघर्ष परिषद की बैठक
स्थान: बूढ़ापारा, शुक्ल भवन (प्रदेश कार्यालय)
समय: शाम 4 बजे से
श्रीश्याम महोत्सव
संस्था: श्रीश्याम परिवार समिति
स्थान: समता कॉलोनी, श्रीरामनाथ भीमसेन भवन
समय: सुबह 8 बजे से
शपथ ग्रहण समारोह
संस्था: शहर जिला साहू संघ
स्थान: कर्माधाम, कृष्णानगर संतोषीनगर
समय: दोपहर 12 बजे से
सम्मान समारोह
संस्था: छत्तीसगढ़ कहार भोई समाज
स्थान: सामुदायिक भवन, लाखेनगर ढाल
समय: सुबह 10 बजे से
