भारत माला घोटाले का खुलासा करने वालों की पुकार: पूर्व सरपंच और ग्रामीणों ने मांगी इच्छा मृत्यु

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बेहद चौंकाने और गंभीर मामला सामने आया है। भारतमाला प्रोजेक्ट में कथित घोटाले का खुलासा करने वाले ग्राम सिवनी कला के पूर्व सरपंच ईश्वर लाल साहू और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इच्छा मृत्यु की मांग की है। शुक्रवार को पूर्व सरपंच सैकड़ों ग्रामीणों के साथ कलेक्टर और एसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपते हुए अपनी पीड़ा जाहिर की।

पूर्व सरपंच ईश्वर लाल साहू का आरोप है कि भारतमाला प्रोजेक्ट में अनियमितताओं की शिकायत करने के बाद उन्हें न्याय मिलने के बजाय मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद एक सत्ताधारी नेता के दबाव में उनके खिलाफ लगातार नोटिस, जांच और कार्रवाई की जा रही है, जिससे वे मानसिक रूप से टूट चुके हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को इस तरह दबाया जाएगा, तो गांवों में लोकतंत्र और पारदर्शिता केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। हालांकि, अब भी यह सवाल बना हुआ है कि क्या शिकायतकर्ताओं को न्याय मिलेगा या फिर भ्रष्टाचार उजागर करने की यही कीमत चुकानी पड़ेगी।

Youthwings