1xBet बेटिंग ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई: युवराज सिंह और सोनू सूद समेत कई सेलेब्स की संपत्ति जब्त
1xBet बेटिंग ऐप
अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने शुक्रवार को इस केस में करीब ₹7.93 करोड़ की संपत्तियां अटैच की हैं। इस कार्रवाई के बाद खेल, फिल्म और राजनीति जगत से जुड़े कई चर्चित नाम फिर से चर्चा में आ गए हैं।
क्रिकेटर और फिल्मी हस्तियां जांच के घेरे में
ईडी की इस ताजा कार्रवाई में जिन नामचीन हस्तियों की संपत्तियां अटैच की गई हैं, उनमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, नेहा शर्मा, तृणमूल कांग्रेस सांसद एवं अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती और क्रिकेटर अंकुश हजारा शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी इन सभी के कथित तौर पर 1xBet ऐप से जुड़े वित्तीय लेन-देन की गहराई से पड़ताल कर रही है।
किसकी कितनी संपत्ति हुई अटैच
ईडी सूत्रों के अनुसार, अटैच की गई संपत्तियों का विवरण इस प्रकार है—
युवराज सिंह – ₹2.5 करोड़
रॉबिन उथप्पा – ₹8.26 लाख
उर्वशी रौतेला – ₹2.02 करोड़ (मां के नाम पर दर्ज)
सोनू सूद – ₹1 करोड़
मिमी चक्रवर्ती – ₹59 लाख
नेहा शर्मा – ₹1.26 करोड़
अंकुश हजारा – ₹47.20 लाख
इन सभी को मिलाकर मौजूदा चरण में कुल ₹7.93 करोड़ की संपत्तियां अटैच की गई हैं।
read more : 3 लाख एपस्टीन फाइल्स सार्वजनिक: लड़कियों संग पूल में दिखे क्लिंटन, नामचीन हस्तियों की तस्वीरें आईं सामने
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि 1xBet मामले में यह पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले ईडी ने क्रिकेटर शिखर धवन से जुड़ी करीब ₹4.55 करोड़ और पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना से संबंधित ₹6.64 करोड़ की संपत्तियां भी अटैच की थीं।
अब तक ₹19 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त
ईडी के अनुसार, इस केस में अब तक कुल ₹19.07 करोड़ की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं। एजेंसी का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे व कार्रवाई संभव हैं।
आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल, इस कार्रवाई को लेकर संबंधित सभी हस्तियों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय 1xBet से जुड़े पूरे वित्तीय नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।
