धान खरीदी की लिमिट कम होने से भड़के किसान, सुकमा–दंतेवाड़ा मुख्य सड़क जाम
सुकमा जिले के गादीरास धान खरीदी केंद्र में तय सीमा से कम धान खरीदी किए जाने पर किसानों का आक्रोश शुक्रवार को सड़कों पर नजर आया। नाराज किसानों ने सुकमा–दंतेवाड़ा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
किसानों का कहना है कि खेती के लिए उन्होंने बैंक से कर्ज लिया है, लेकिन खरीदी केंद्र में प्रतिदिन केवल 600 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। इस धीमी प्रक्रिया के कारण कई किसान सरकारी योजना के लाभ से वंचित रह सकते हैं। किसानों के अनुसार, पिछले वर्ष इस केंद्र में करीब 40 हजार क्विंटल धान खरीदा गया था, जबकि इस वर्ष अब तक सिर्फ 5 हजार क्विंटल की खरीदी हो सकी है।
प्रदर्शनकारी किसानों ने धान खरीदी की लिमिट और समयसीमा बढ़ाने की मांग की। सड़क जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने किसानों से बातचीत कर उनकी मांगें उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त किया गया। किसानों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
