DSP Kalpana Verma Case: कारोबारी के आरोपों के बाद DSP कल्पना वर्मा से पूछताछ, 4 घंटे SP ऑफिस में रहीं

DSP कल्पना वर्मा केस

DSP कल्पना वर्मा केस

रायपुर। DSP Kalpana Verma Case: छत्तीसगढ़ के कारोबारी दीपक टंडन द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद DSP कल्पना वर्मा के खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गुरुवार को DSP कल्पना वर्मा रायपुर स्थित एसपी कार्यालय पहुंचीं, जहां उनसे पूरे मामले को लेकर पूछताछ की गई। वे करीब चार घंटे तक एसपी ऑफिस में मौजूद रहीं।

जांच की जिम्मेदारी एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर को सौंपी गई है। पूछताछ के बाद DSP कल्पना वर्मा एसपी कार्यालय से बाहर निकलीं, इस दौरान वे मीडिया कैमरों से दूरी बनाती नजर आईं।

‘लव ट्रैप’ और लेन-देन के आरोपों से जुड़ा मामला

यह मामला उस समय सुर्खियों में आया जब कारोबारी दीपक टंडन ने DSP कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। टंडन का कहना है कि वर्ष 2021 में, जब कल्पना वर्मा महासमुंद जिले में पदस्थ थीं, तब एक म्यूचुअल फ्रेंड के जरिए दोनों की पहचान हुई थी। इसके बाद बातचीत बढ़ी और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ, जो कथित तौर पर निजी रिश्तों में बदल गया।

दीपक टंडन का आरोप है कि इस दौरान साथ घूमने-फिरने और शॉर्ट टूर पर जाने की बातें भी हुईं। उन्होंने अक्टूबर महीने में खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि DSP कल्पना वर्मा और उनके परिजनों ने उनसे नकद पैसे, वाहन और ज्वेलरी ली, लेकिन बाद में वापस नहीं की।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, मीडिया में आया मामला

शिकायत के बाद शुरुआती दौर में पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हुए। कारोबारी दीपक टंडन ने मीडिया के सामने आकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ा और जांच शुरू की गई। हालांकि लंबे समय तक पुलिस अधिकारी इस विषय पर सार्वजनिक बयान देने से बचते रहे।

2016-17 बैच की अधिकारी हैं DSP कल्पना वर्मा

DSP कल्पना वर्मा छत्तीसगढ़ पुलिस की 2016-17 बैच की अधिकारी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत रायपुर में CSP माना थाना और एटीएस से की थी। इसके बाद वे अलग-अलग जिलों में DSP पद पर तैनात रहीं। वर्तमान में वे दंतेवाड़ा जिले में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

मामले की जांच जारी है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Youthwings