कवर्धा में ‘संविधान बचाओ यात्रा’ में गरजे भूपेश बघेल : केंद्र-राज्य सरकार पर बोला तीखा हमला
कवर्धा। जिले के ग्राम पंचायत पोड़ी में आज कांग्रेस द्वारा ‘संविधान बचाओ यात्रा’ निकाली गई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिरकत की। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष होरीराम साहू सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला और कहा कि “देश का संविधान खतरे में है, और संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है।”
संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है: बघेल
बघेल ने कहा कि निर्वाचन आयोग, सीबीआई और ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग विपक्ष को डराने और कुचलने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे डराने के लिए ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग का सहारा लिया जाता है। उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ मामलों को फर्जी करार दिया।
खाद-बीज की कमी, नकली पोटाश और किसानों की बदहाली
पूर्व सीएम ने राज्य सरकार के ‘सुशासन तिहार’ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों की स्थिति बद से बदतर हो गई है। समितियों में खाद और बीज की भारी कमी है, नकली पोटाश बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकाल में गन्ने की खरीदी चार महीने तक होती थी, जबकि अब सिर्फ 44 दिन खरीद होती है और किसानों को 6 महीने से भुगतान नहीं मिला है।”
लोकतंत्र को कुचलने में लगी है मौजूदा सरकार
भूपेश बघेल ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हमले में 26 निर्दोष लोग मारे गए, लेकिन प्रधानमंत्री वहां नहीं गए। उन्हें जनता की चिंता नहीं, सिर्फ सत्ता की फिक्र है।”
बघेल ने कहा कि संविधान को बचाने की यह लड़ाई जरूरी है और कांग्रेस जनता की आवाज को दबने नहीं देगी। उन्होंने कहा, “हम जनता के बीच जाकर उनकी बात कह रहे हैं, क्योंकि मौजूदा सरकार लोकतंत्र को कुचलने में लगी है।”
