छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को बड़ा झटका: बीजापुर में 34 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 84 लाख का इनाम था घोषित

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन की दिशा में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पूना मारगेम और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर बीजापुर जिले में 34 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इन सभी नक्सलियों पर कुल 84 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2024 से अब तक 824 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं। वहीं इसी अवधि में 1079 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है और 220 माओवादी अलग-अलग मुठभेड़ों में मारे गए हैं।

आत्मसमर्पण कार्यक्रम के दौरान सीआरपीएफ डीआईजी बी.एस. नेगी, बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव, एएसपी यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल, एसडीओपी विनीत साहू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी 34 माओवादी फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट और आगजनी जैसी गंभीर वारदातों में शामिल रहे हैं। सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।

Youthwings