बेरोजगारी भत्ता देने को लेकर सदन में बवाल : संतोषजनक जवाब न मिलने पर विपक्ष ने किया वॉकआउट

बेरोजगारी भत्ता देने को लेकर सदन में बवाल

बेरोजगारी भत्ता देने को लेकर सदन में बवाल

रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को बेरोजगारी भत्ता के मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला। सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने इस मुद्दे पर सदन से वॉकआउट कर दिया।

कांग्रेस विधायक का सवाल, सरकार का जवाब

कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने सदन में सवाल उठाया कि क्या राज्य सरकार बेरोजगार युवाओं को भत्ता दे रही है या नहीं। इस पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार युवाओं को भत्ता देने के बजाय उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने पर काम कर रही है।

भूपेश बघेल का पलटवार

सरकार के जवाब पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आपत्ति जताते हुए कहा कि पिछले सत्र में सरकार की ओर से बताया गया था कि योजना चालू है। जब योजना प्रारंभ है तो युवाओं को बेरोजगारी भत्ता क्यों नहीं दिया जा रहा।

हंगामे के बाद विपक्ष का वॉकआउट

इसके बाद सदन में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। नारेबाजी और हंगामे का माहौल बन गया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कांग्रेस विधायकों ने बेरोजगारी भत्ता नहीं देने के विरोध में सदन से बहिर्गमन कर दिया।

सेनेटरी नैपकिन और मशीनों का मुद्दा उठा

इससे पहले भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने सेनेटरी नैपकिन, वेंडिंग मशीन और इंसीनेटर मशीन से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने वर्ष 2020 से 2023 तक मशीनों की निविदा प्रक्रिया, समय पर काम पूरा नहीं होने पर कार्रवाई और भुगतान की जानकारी मांगी।

उन्होंने शुचिता योजना का भी उल्लेख किया। विभागीय मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जवाब दिया, हालांकि भाजपा विधायक ने उत्तर को अपूर्ण बताया। मंत्री ने शेष जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मोबाइल टावर को लेकर भी सवाल

भाजपा विधायक रेणुका सिंह ने भरतपुर-सोनहट क्षेत्र के गांवों में मोबाइल टावर को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री मोबाइल टावर योजना के तहत ग्रामों के चयन की जानकारी मांगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जवाब

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सदन को बताया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री मोबाइल टावर योजना शुरू नहीं हुई है। उन्होंने जानकारी दी कि भरतपुर-सोनहट के 337 गांवों में से 47 गांवों में मोबाइल टावर नहीं हैं।

रेणुका सिंह ने बैगा बाहुल्य गांवों में मोबाइल टावर लगाने का आग्रह किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार से 513 मोबाइल टावर की स्वीकृति मिली है और बैगा बाहुल्य गांवों में प्राथमिकता के आधार पर टावर लगाए जाएंगे।

रोजगार उपलब्ध कराने पर सरकार की जानकारी

कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने को लेकर सवाल उठाया। विभागीय मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि राज्य में रोजगार के लिए पंजीकृत इच्छुक युवाओं की संख्या 11 लाख 39 हजार है।

read more : छत्तीसगढ़ विधानसभा : कार्रवाई शुरू होते ही अजय चंद्राकर का विपक्ष पर तंज, चरणदास महंत से पूछे– ‘राहुल गांधी को फुटबॉल खेलते देखा या नहीं ‘

 

Youthwings