Chhattisgarh Morning News: सीएम साय आज विधानसभा सत्र में होंगे शामिल, अनुपूरक बजट संभव… एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन का आज अंतिम दिन, पढ़ें छत्तीसगढ़ की अन्य अहम खबरें

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुबह 10:15 बजे अपने निवास से अटल नगर स्थित नए विधानसभा भवन के लिए रवाना होंगे। वे सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे तक सदन की कार्यवाही में मौजूद रहेंगे।

विधानसभा शीतकालीन सत्र का दूसरा दिन

आज सत्र के दूसरे दिन सदन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार विभिन्न आयोगों और विश्वविद्यालयों की वार्षिक रिपोर्ट सदन के पटल पर रख सकती है। साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 का प्रथम अनुपूरक बजट भी आज पेश किया जा सकता है।

सदन में नियम 138 के तहत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी है। विधायक विक्रम मंडावी जमीन खरीदी-बिक्री से जुड़े मामलों को लेकर राजस्व मंत्री का ध्यानाकर्षण कर सकते हैं। वहीं विधायक शकुंतला स्वास्थ्य बीमा, निजी अस्पतालों में क्लेम सेटलमेंट और कैशलेस सुविधा में अनियमितताओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री का ध्यानाकर्षण प्रस्ताव ला सकती हैं। इसके अलावा सड़क, पुल, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़ी याचिकाएं भी सदन में रखी जा सकती हैं।

कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार द्वारा बुजुर्गों के हक को नजरअंदाज कर भाजपा कार्यकर्ताओं को तीर्थयात्रा योजना का लाभ दिया जा रहा है। इस मुद्दे पर भी सदन के भीतर राजनीतिक गर्माहट देखने को मिल सकती है।

एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन का आज अंतिम दिन

किसानों के लिए अहम सूचना है कि एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराने की आज आखिरी तारीख है। जिन किसानों ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है, उन्हें आज ही प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

कृत्रिम पैर दान शिविर

  • संस्था: इंटरैक्ट क्लब ऑफ रायपुर पिनेकल
  • स्थान: मारुति मंगलम भवन, गुढ़ियारी
  • समय: सुबह 9 बजे से

भागवत पुराण ज्ञान यज्ञ

  • कथाव्यास: गोपाल शरण देवाचार्य महाराज
  • स्थान: खाटू श्याम मंदिर, समता कॉलोनी
  • समय: दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक

कबीर सत्संग

  • संस्था: सद्गुरु कबीर सत्संग समिति एवं आमीन माता महिला मंडली
  • स्थान: शिव मंदिर चौक, महात्मा गांधी नगर, अमलीडीह
  • समय: सुबह 10:30 बजे से

सूर्योपासना महापर्व

  • संस्था: जगद्गुरु श्री शंकराचार्य आश्रम
  • स्थान: बोरियाकला
  • समय: सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक
Youthwings