T20 World Cup Poster Row: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पोस्टर से पाकिस्तान गायब, PCB ने ICC से की औपचारिक शिकायत

T20 World Cup Poster Row: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर जारी किए गए टिकट बिक्री के प्रमोशनल पोस्टर पर विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस पोस्टर में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को जगह न दिए जाने पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। PCB का कहना है कि पाकिस्तान जैसी बड़ी क्रिकेट टीम के कप्तान को वैश्विक टूर्नामेंट के प्रचार से बाहर रखना उचित नहीं है।

PCB के मुताबिक, ICC द्वारा जारी इस प्रचार पोस्टर में केवल पांच देशों के कप्तानों को शामिल किया गया है। इनमें भारत के सूर्यकुमार यादव, दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श, श्रीलंका के दसुन शनाका और इंग्लैंड के हैरी ब्रूक शामिल हैं। लेकिन पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को इस सूची से बाहर रखा गया, जिस पर PCB ने कड़ा ऐतराज जताया है।

बोर्ड के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि यह पहला मौका नहीं है, जब पाकिस्तान के कप्तान को प्रमोशनल गतिविधियों में नजरअंदाज किया गया हो। इससे पहले एशिया कप के दौरान भी ब्रॉडकास्टर्स ने पाकिस्तान के कप्तान को प्रचार अभियान में शामिल नहीं किया था। उस समय एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझाया गया था।

सूत्र ने PTI के हवाले से कहा कि अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 के टिकट बिक्री पोस्टर में भी वही गलती दोहराई गई है। PCB ने ICC से आग्रह किया है कि वह इस चूक को जल्द सुधारे और भविष्य के प्रचार अभियानों में पाकिस्तान को उचित प्रतिनिधित्व दे।

हालांकि मौजूदा समय में पाकिस्तान की टीम ICC टी20 रैंकिंग में शीर्ष पांच में शामिल नहीं है, लेकिन PCB का तर्क है कि पाकिस्तान की वैश्विक फैन फॉलोइंग बहुत बड़ी है और उसका क्रिकेट में ऐतिहासिक योगदान रहा है। ऐसे में विश्व स्तरीय टूर्नामेंट के प्रचार से पाकिस्तान को बाहर रखना ठीक नहीं माना जा सकता।

अब सभी की नजरें ICC के रुख पर टिकी हैं कि वह PCB की शिकायत पर क्या फैसला लेता है और क्या टी20 वर्ल्ड कप 2026 के प्रमोशनल पोस्टर में बदलाव किया जाएगा या नहीं।

Youthwings