हाई-प्रोफाइल DSP कल्पना वर्मा केस: कारोबारी के गंभीर आरोप और अफसर का कड़ा जवाब — पूरा विवाद समझिए

DSP कल्पना वर्मा केस

DSP कल्पना वर्मा केस

रायपुर: छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग इन दिनों एक कथित लव ट्रैप, ठगी और ब्लैकमेलिंग मामले को लेकर चर्चा में है। राज्य पुलिस सेवा की अधिकारी डीएसपी कल्पना वर्मा पर रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने करोड़ों रुपये की ठगी, महंगे गिफ्ट लेने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

कारोबारी दीपक टंडन के आरोप: प्यार, पैसे और महंगे गिफ्ट्स का दावा

कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए दावा किया कि डीएसपी से उसकी मुलाकात वर्ष 2021 में हुई थी और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। इसी दौरान डीएसपी पर लगातार पैसों और महंगे उपहारों की मांग करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया कि कारोबारी ने दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि, 12 लाख की हीरे की अंगूठी, 5 लाख की सोने की चेन और टॉप्स, एक लाख का ब्रेसलेट और इनोवा क्रिस्टा कार तक डीएसपी को दी।

दीपक टंडन ने दिए कई सबूत !

कारोबारी का यह भी दावा है कि डीएसपी ने रायपुर की वीआईपी रोड स्थित उसके एक होटल को पहले अपने भाई के नाम करवाया और बाद में करीब 30 लाख रुपये खर्च करके उसे अपने नाम करा लिया। दीपक टंडन ने खम्हारडीह थाने में शिकायत देते समय अपने आरोपों के समर्थन में कई सबूत भी पुलिस को सौंपे हैं, जिनमें दोनों के व्हाट्सएप चैट, होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेज शामिल हैं। उनका आरोप है कि महिला अधिकारी अब उन्हें फर्जी मामलों में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे रही है।

DSP कल्पना वर्मा का जवाब: ‘यह सब झूठा, निराधार और चरित्र-हत्या की कोशिश’

वहीं दूसरी ओर डीएसपी कल्पना वर्मा ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उनके पिता और दीपक टंडन के बीच पहले से ही एक व्यवसायिक लेन-देन से जुड़ा विवाद लंबित है। टंडन की पत्नी द्वारा दिया गया चेक बाउंस होने के कारण मामला अदालत तक पहुंच चुका है और इसी न्यायिक प्रक्रिया से बचने के लिए उन्हें जानबूझकर इस विवाद में घसीटा जा रहा है। डीएसपी का कहना है कि उनकी अनुमति के बिना सोशल मीडिया से उनकी फोटो और सामग्री लेकर फर्जी चैट तैयार की गई है, जो एक आपराधिक कृत्य है। परिवार अब इस मामले में विधिक सलाह ले रहा है।

READ MORE :JSSC ने 3451 स्पेशल टीचर भर्ती का किया ऐलान, 12 दिसंबर से आवेदन शुरू

कल्पना वर्मा ने उठाए कई सवाल :

कल्पना वर्मा ने यह भी सवाल किया कि यदि कारोबारी और उसकी पत्नी को इतने वर्षों से कोई आपत्ति थी तो उन्होंने पहले कभी शिकायत क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि यह पूरा विवाद उनके पद, कार्यक्षेत्र या निजी जीवन से कोई संबंध नहीं रखता और उन्हें बदनाम करने की साजिश के तहत तथ्यहीन सूचनाएं फैलाई जा रही हैं।

DSP कल्पना वर्मा: 2017 बैच की अधिकारी, दंतेवाड़ा में पोस्टेड

2017 बैच की डीएसपी कल्पना वर्मा रायपुर की रहने वाली हैं और वर्तमान में दंतेवाड़ा में पदस्थ हैं। दोनों पक्षों के आरोपों के बाद अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, और यह हाई-प्रोफाइल केस विभाग में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।

Youthwings