Pakistan Anti-Terror Operation: खैबर पख्तूनख्वा में 6 आतंकी ढेर, पंजाब में 12 गिरफ्तार
Pakistan Anti-Terror Operation: पाकिस्तान में आतंकवाद पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षा बलों ने एक बड़ा अभियान शुरू किया है। खैबर पख्तूनख्वा और पंजाब प्रांत में की गई कार्रवाई में कुल 6 आतंकियों को ढेर किया गया है, जबकि 12 आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। यह अभियान अफगानिस्तान सीमा से सटे इलाकों में चलाया गया, जहां आतंकी गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही थी।
खैबर पख्तूनख्वा में चला ऑपरेशन, बड़े नुकसान की खबर
सोमवार को पाकिस्तानी सेना और सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा के कबायली इलाके सोरान दर्रा में आतंकियों के खिलाफ संयुक्त अभियान शुरू किया। इस मुठभेड़ में 6 आतंकी मारे गए, जबकि गोलाबारी में एक सुरक्षा जवान की मौत भी हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान आतंकियों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं कार्रवाई में 3 सुरक्षा कर्मी घायल भी हुए हैं।
पंजाब में CTD ने 12 आतंकी पकड़े
खैबर पख्तूनख्वा के अलावा पंजाब में भी आतंकवाद निरोधक विभाग (CTD) ने बड़ी कार्रवाई की है। लाहौर, फैसलाबाद और बहावलपुर जिलों में खुफिया इनपुट के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें 12 आतंकी दबोचे गए।
CTD का कहना है कि अभियानों के दौरान आतंकी बड़ी साजिश रचने की तैयारी में थे। उनकी योजना धार्मिक स्थलों पर हमले कर साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की थी।
आतंकियों के पास मिला भारी जखीरा
पकड़े गए आतंकियों के कब्जे से 7 IED बम, 2 डेटोनेटर, भारी मात्रा में विस्फोटक, हथियार, नकदी, और धार्मिक स्थलों की वीडियो रिकॉर्डिंग मिली है, जिससे साफ होता है कि आतंकी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पाकिस्तान में बढ़ता आतंक का खतरा
हाल ही सामने आई CRSS (Centre for Research and Security Studies) की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान में आतंकवादी घटनाओं में 25% की बढ़ोतरी हुई है। 2025 में खैबर पख्तूनख्वा सबसे अधिक प्रभावित प्रांत माना जा रहा है।
सरकार का कहना है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने नवंबर 2022 में संघर्ष-विराम तोड़ने के बाद से लगातार हमलों को अंजाम दिया है।
